Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ का पूरा मंत्रिमंडल आज (13 जुलाई) अयोध्या (Ayodhya) जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, भांचा राम के दर्शन करने हम जा रहे हैं। मुख्यमंत्री इस मौके पर माता शबरी की धरती कहे जाने वाले शिवरीनारायण से बेर फल से भरी टोकरी भी उपहार के रूप में रामलला को भेंट करेंगे।
22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही चर्चा थी कि मुख्यमंत्री साय और सभी मंत्री अयोध्या जाएंगे। CM साय ने भी कहा था कि जल्द ही पूरे मंत्रिमंडल के साथ हम अयोध्या जाएंगे। साय सरकार का ये अयोध्या दर्शन कार्यक्रम एक दिन का ही होगा। शाम तक सभी मंत्री लौट आएंगे।
कार्यक्रम के मुताबिक, शनिवार सुबह 9.30 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से सीएम समेत सभी मंत्री रवाना होंगे। सुबह 11 बजे महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम पहुंचेंगे। 11.15 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन और मंदिर का भ्रमण करेंगे।
इसके बाद शाम 5.15 बजे अयोध्या धाम एयरपोर्ट से रायपुर के लिए वापसी होगी। शाम 6.45 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री जिस शिवरीनारायण से बेर फल की टोकरी लेकर जाएंगे वहां की मान्यता रामायण से जुड़ी है। कहा जाता है कि, प्रभु श्रीराम ने शिवरीनारायण में ही माता शबरी के जूठे बेर खाए थे। इसलिए यह भेंट ननिहाल से अपने भांचा राम को होगी।
वहीं छत्तीसगढ़ सरकार ने रामलला दर्शन योजना भी शुरू की है। इसके तहत प्रदेशभर के श्रद्धालु आस्था स्पेशल ट्रेन से अयोध्या धाम (Ayodhya) के साथ काशी के भी दर्शन करने जाते हैं। इस योजना से हजारों श्रद्धालु अब तक रामलला के दर्शन कर चुके हैं। योजना की शुरुआत के समय ही मुख्यमंत्री ने कहा था कि जल्द ही कैबिनेट के साथ अयोध्या धाम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करने जाएंगे।

