राज्यपाल के गोद ग्राम में ISBM विश्वविद्यालय ने चलाया स्वच्छता अभियान, महिलाओं और किशोरियों को दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद…

गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक के अंतर्गत संचालित आई.एस.बी.एम. विश्वविद्यालय, कोसमी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा राज्यपाल के गोद ग्राम बिजली, विकासखंड फिंगेश्वर में स्वच्छता अभियान एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. बी.पी. भोल ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता जागरूकता अभियान को रवाना किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराना था। इस दौरान विशेष रूप से मासिक धर्म स्वच्छता एवं उसके उचित प्रबंधन पर जोर दिया गया। महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों, संकोच और रूढ़िवादी धारणाओं से बाहर निकलकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिजली के सरपंच मोतीराम निषाद एवं उपसरपंच तोषण पटेल उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने आयोजन में सहयोग करते हुए विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना की। उनके सहयोग से विश्वविद्यालय और ग्रामीण समुदाय के बीच आपसी सहभागिता एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिला।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने ग्रामीणों तक स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने समाजसेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, सहयोग और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के समग्र संयोजन एवं मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय की संयुक्त कुलसचिव डॉ. रानी झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कार्यक्रम संयोजक संजीव जांगड़े, सहायक प्राध्यापक, अभियांत्रिकी विभाग ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं विभिन्न गतिविधियों के समन्वय में योगदान दिया। इसके अलावा डॉ. अश्वनी कुमार साहू, सहायक प्राध्यापक, योग विभाग तथा श्रीमती प्रीति पोट्टम, सहायक प्राध्यापक, इतिहास विभाग का भी विशेष सहयोग रहा।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना भी जरूरी है। स्वच्छता सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है और महिला स्वास्थ्य एवं सम्मान एक स्वस्थ तथा सशक्त समाज की आधारशिला हैं। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।राज्यपाल के गोद ग्राम में ISBM विश्वविद्यालय ने चलाया स्वच्छता अभियान, महिलाओं और किशोरियों को दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी