Eklavya Model Residential School : शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात, यहां खुलेगा नया एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय

जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा (Eklavya Model Residential School) उपलब्ध कराने की दिशा में धमतरी जिले को बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने जिले में नए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय  की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इसके शुरू होने से दूरस्थ, वनांचल और दुर्गम क्षेत्रों के प्रतिभाशाली आदिवासी छात्र-छात्राओं को पूरी तरह नि:शुल्क आवासीय शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

पथररीडीह की सफलता के बाद मिला दूसरा विद्यालय

धमतरी जिले के नगरी विकासखंड स्थित पथररीडीह में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (Eklavya Model Residential School) पहले से ही उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम, अनुशासित शिक्षण व्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना तथा खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन के कारण प्रदेश के मॉडल विद्यालयों में शामिल है। इसी उपलब्धि और क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए शासन ने जिले में दूसरे विद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है।

हाईटेक सुविधाओं के साथ मिलेगी नि:शुल्क शिक्षा

नए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (Eklavya Model Residential School) में विद्यार्थियों को डिजिटल स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल सुविधाएं और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। चयनित छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, गणवेश, अध्ययन सामग्री, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी समान अवसर मिल सकें।

NEET, JEE और CLAT की भी होगी विशेष तैयारी

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (Eklavya Model Residential School) में नियमित पढ़ाई के साथ-साथ NEET, JEE, CLAT सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष अकादमिक मार्गदर्शन, अनुभवी शिक्षकों द्वारा कोचिंग और करियर काउंसलिंग की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा खेल, कला, संस्कृति, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल विकास पर भी विशेष फोकस रहेगा, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

स्थानीय युवाओं को भी मिलेगा रोजगार

नए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (Eklavya Model Residential School) की स्थापना से अध्यापन, छात्रावास संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और अन्य सहायक सेवाओं में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

समयबद्ध निर्माण के लिए कलेक्टर ने दिए निर्देश

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (Eklavya Model Residential School) केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि जनजातीय अंचलों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराएगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय भवन निर्माण के लिए शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित करने तथा सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

जिले के लिए ऐतिहासिक शैक्षणिक उपलब्धि

धमतरी जिले को मिले नए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (Eklavya Model Residential School) का स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, शिक्षाविदों और आदिवासी समाज ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि यह पहल जनजातीय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और जिले के शैक्षणिक विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।