लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद…… पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर (भा.पु.से.) ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं रक्षित निरीक्षक की एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) ली। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और वर्ष के अंत को देखते हुए थानों में लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध पर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय पुलिसिंग, नियमित गश्त और आम जनता से बेहतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
*CRA पोर्टल से होगी लंबित मामलों की मॉनिटरिंग*
बैठक का सबसे अहम बिंदु CRA (Crime Review Application) पोर्टल रहा। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को CRA पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से थानों में पंजीबद्ध लंबित अपराधों, मर्ग और गुम इंसान के प्रकरणों की अद्यतन प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। वर्षांत को ध्यान में रखते हुए सभी पुराने लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकरण को बिना कारण लंबित रखना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
*नशे के कारोबार पर सख्त प्रहार*
पुलिस अधीक्षक ने नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्रों में अवैध नशे की बिक्री, तस्करी और सेवन पर कड़ी नजर रखी जाए। इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने और मुखबिर तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
*साइबर अपराध पर नियंत्रण और जागरूकता*
बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित जांच और पीड़ितों को त्वरित सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
साथ ही आम नागरिकों, विशेषकर ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए थाना स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा गया।
*प्रभावी पुलिसिंग और सुचारू यातायात*
बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिसिंग, नियमित रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
आमजन की सुविधा के लिए सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात प्रभारी को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
*बैठक में ये रहे उपस्थित*
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री लितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक सनत ठाकुर सहित जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी, समस्त शाखा प्रभारी एवं यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करने, जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और जिले को अपराध मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।