लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद…..
गरियाबंद जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और साहसिक कार्यवाही को अंजाम दिया है। कड़ाके की ठंड, घना अंधेरा और नदी का ठंडा पानी भी प्रशासनिक टीम के हौसले को डिगा नहीं सका। खनिज, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पूरी रात अभियान चलाकर रेत माफियाओं के हौसले को चकनाचूर कर दिया।
जानकारी के अनुसार यह संयुक्त कार्यवाही बकली रेत खदान में की गई। जहां लंबे समय से अवैध रेत खनन की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों का आरोप था कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों का काफिला नदी में उतर जाता था और सुबह होने से पहले ही रेत की चोरी कर फरार हो जाता था। प्रशासन ने इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रातभर का विशेष अभियान तैयार किया।
*नदी के अंदर पाइप बिछाकर हो रही थी रेत की चोरी*
कार्यवाही के दौरान जो नजारा टीम ने देखा, वह हैरान करने वाला था। बकली में नदी के अंदर पाइप बिछाकर रेत निकाली जा रही थी। माफियाओं ने रेत निकालने के लिए पूरी व्यवस्था बना रखी थी। नदी के सीने को छलनी कर, पाइप और ड्रम के सहारे अवैध खनन का खेल चल रहा था। यह सिर्फ रेत की चोरी नहीं थी, यह नदी के अस्तित्व, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ था।
टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रेत माफिया और उनके लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन अपने पीछे अपने अपराध के सबूत छोड़ गए।
*17 ट्रैक्टर जब्त, पाइप और ड्रम भी बरामद*
संयुक्त टीम ने मौके से 17 लावारिस ट्रैक्टर जब्त किए। इसके अलावा नदी से 4 लोहे के पाइप और 3 ड्रम भी जब्त किए गए, जिनका उपयोग अवैध खनन में किया जा रहा था। जब्त किए गए सभी ट्रैक्टरों को विधिवत कार्यवाही कर सरपंच को सौंपा गया है।
एक साथ 17 ट्रैक्टरों की जब्ती अपने आप में बताती है कि यह खनन कितने बड़े पैमाने पर चल रहा था। यह कोई छोटे-मोटे चोरी का मामला नहीं था, बल्कि संगठित माफिया गिरोह का काम था जो रात-दिन नदी को लूट रहा था।
*चौंबेबंधा और पितईबंध में रास्ते काटे*
प्रशासन की टीम ने सिर्फ बकली तक ही कार्यवाही सीमित नहीं रखी। चौंबेबंधा और पितईबंध में भी अवैध खनन के रास्तों को काटकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। जेसीबी से रास्ते काट दिए गए ताकि दोबारा ट्रैक्टर नदी तक न पहुंच सकें। इस कार्यवाही से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
*प्रशासन की कार्यवाही काबिले-तारीफ, माफियाओं की आलोचना*
इस पूरी कार्यवाही में खनिज, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की जितनी तारीफ की जाए कम है। ठंड में ठिठुरते हुए, रातभर जागकर, अपनी जान जोखिम में डालकर टीम ने वह कर दिखाया, जिसकी जनता लंबे समय से मांग कर रही थी। यह कार्यवाही साबित करती है कि अगर प्रशासन ठान ले तो कोई भी माफिया कानून से बड़ा नहीं है।
वहीं दूसरी ओर रेत माफियाओं की इस हरकत की पूरे जिले में कड़ी निंदा हो रही है। ये माफिया चंद रुपयों के लालच में नदी को बर्बाद कर रहे हैं, गांवों का जलस्तर गिरा रहे हैं, सड़कें तोड़ रहे हैं और सरकारी राजस्व को करोड़ों का चूना लगा रहे हैं। नदी की रेत सिर्फ रेत नहीं है, वह गांव की धरोहर है, किसानों की जीवनरेखा है। उसे लूटने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्यवाही का स्वागत किया है और मांग की है कि यह कार्यवाही सिर्फ एक रात की न हो, बल्कि लगातार जारी रहे। माफियाओं के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही हो, उनके ट्रैक्टर राजसात किए जाएं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए, तभी इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगेगी।