Udanti Sitanadi Tiger Reserve : बिंद्रानवागढ़ के इन 4 गांवों के ग्रामीणों से जंगल छोड़ने की अपील! नई जगह मिलेगा बेहतर जीवन, वन विभाग ने बताई पुनर्वास की वजह

Udanti Sitanadi Tiger Reserve छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में जंगलों के बीच पीढ़ियों से रह रहे ग्रामीण परिवारों को अब नई जिंदगी की ओर बढ़ने का अवसर देने की तैयारी है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (Udanti Sitanadi Tiger Reserve) प्रबंधन ने बिंद्रानवागढ़ अंचल के देवझरमाल, जुनागढ़, ओंध और अमामोरा गांवों के ग्रामीणों से स्वैच्छिक पुनर्वास की अपील की है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराने के साथ वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को भी सुरक्षित रखना है।

यह भी पढ़ें : देवभोग-गिरसूल के बीच भीषण सड़क हादसा, स्कूटी सवार की मौके पर मौत; मृतक के पास से एयर गन बरामद

 

चार गांवों के परिवारों से अपील

टाइगर रिजर्व प्रबंधन की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि इन वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों का जंगल, नदियों और प्राकृतिक संसाधनों से गहरा जुड़ाव रहा है। यहां के लोग पीढ़ियों से खेती-किसानी, पशुपालन और जंगल से मिलने वाले संसाधनों के सहारे जीवनयापन करते आए हैं। हालांकि, जंगल में हाथी, तेंदुआ, भालू सहित कई वन्यजीवों की मौजूदगी के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति बनती रहती है। इससे ग्रामीणों की जान-माल, फसल और आजीविका पर खतरा बना रहता है। प्रबंधन ने ग्रामीणों से स्वेच्छा से पुनर्वास के विकल्प पर विचार करने की अपील की है।

 

यह भी पढ़ें : दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं एनीकट में समाई कार, पति-पत्नी और दो बच्चों समेत परिवार के चार लोगों की मौत राजिम के टीला एनीकट में देर रात हुआ दर्दनाक हादसा पसौद गांव में पसरा मातम

 

नई जगह मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

प्रबंधन के अनुसार, दुर्गम वन क्षेत्रों में रहने के कारण कई परिवारों तक सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पर्याप्त रूप से नहीं पहुंच पाती हैं। भौगोलिक परिस्थितियों के कारण विकास कार्यों को इन इलाकों तक पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण है। स्वैच्छिक पुनर्वास का उद्देश्य केवल परिवारों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बसाना नहीं है, बल्कि उन्हें बेहतर आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक सुरक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही ग्रामीणों की परंपरा, संस्कृति और आपसी भाईचारे को बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

 

नए पड़ोसियों का स्वागत करने की अपील

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने आसपास के गांवों और समुदायों से भी अपील की है कि पुनर्वास के बाद आने वाले परिवारों का खुले दिल से स्वागत करें। नए स्थान पर उन्हें सामाजिक वातावरण में घुलने-मिलने, रोजगार और आजीविका के अवसर तलाशने में सहयोग दें। प्रबंधन का मानना है कि आपसी विश्वास, भाईचारे और सामुदायिक सहयोग से पुनर्वास की प्रक्रिया को सफल बनाया जा सकता है। नए स्थान पर बसने वाले परिवारों को सम्मान और सुरक्षा मिलना भी जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें : गरियाबंद में विकास के नाम पर मजदूरों की जान से खिलवाड़, हाई-वोल्टेज लाइन पर नंगे हाथ काम कर रहे मजदूर, बिना हेलमेट-बेल्ट के ऊंचे पोल पर काम विभाग मौन, ठेकेदार बेलगाम

 

हाथियों की सूचना के लिए अलर्ट एप

मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने के लिए टाइगर रिजर्व प्रबंधन कई स्तरों पर काम कर रहा है। इसके तहत एलीफेंट अलर्ट एप के माध्यम से हाथियों की आवाजाही की जानकारी समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाने और उन्हें सतर्क करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा वन्यजीवों की निगरानी, अवैध शिकार और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।

 

यह भी पढ़ें :  राष्ट्रीय एकता दिवस पर गरियाबंद पुलिस की पहल: सभी थानों में हुआ ‘एकता दिवस परेड’ का लाइव प्रसारण, आम नागरिकों ने जाना सरदार पटेल का योगदान

 

जंगल और ग्रामीणों का भविष्य दोनों जरूरी

टाइगर रिजर्व प्रबंधन का कहना है कि जंगल और वन्यजीवों का संरक्षण करने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी प्राथमिकता है। स्वैच्छिक पुनर्वास से संवेदनशील वन क्षेत्रों में मानवीय दबाव कम करने और वन्यजीवों के लिए सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण तैयार करने में मदद मिल सकती है। प्रबंधन ने ग्रामीणों और आसपास के समुदायों से आपसी विश्वास और सहयोग के साथ आगे बढ़ने की अपील की है। कोशिश है कि वनांचल के परिवारों को बेहतर जीवन का अवसर मिले और जंगलों का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।

 

यह भी पढ़ें :  जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन, मंत्री टंकराम वर्मा होंगे मुख्य अतिथि ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर पुलिस परेड ग्राउंड में सजेगा राज्योत्सव का मंच विभागीय प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन