लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद/राजिम…… दीपावली की रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। जिस परिवार के घर में दीपावली की खुशियां मनाई जानी थीं, उस परिवार के चार सदस्यों की रास्ते में ही दर्दनाक मौत हो गई। राजिम के टीला एनीकट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की जान चली गई। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पसौद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास साहू और 21 वर्षीय बेटी पूर्वा साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साहू परिवार दीपावली का त्योहार मनाने के लिए रायपुर से अपने गृहग्राम पसौद लौट रहा था। इसी दौरान देर रात राजिम के टीला एनीकट के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नदी में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार चारों लोगों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। मृतक शीतल साहू के पत्रकार होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, कार अनियंत्रित होकर नदी में किन परिस्थितियों में गिरी, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही चंपारण पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
*एक घर की चार चिताएं, गांव में पसरा मातम*
इस हादसे ने पसौद गांव के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस परिवार के घर में दीपावली के दीप जलने थे, वहां अब अपनों को खोने का अंधेरा छा गया है। पति-पत्नी और जवान बेटे-बेटी की एक साथ मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया है। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। पूरे गांव में शोक का माहौल है।