लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद/देवभोग…… गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। देवभोग और गिरसूल के बीच केंदू पार्टी के पास स्कूटी और ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी और ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
इस हादसे के दौरान एक चौंकाने वाली बात भी सामने आई है। घटनास्थल पर मृतक के पास से पुलिस को एक एयर गन बरामद हुई है। मृतक के पास एयर गन मिलने के बाद पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
वहीं, दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ मृतक की पहचान और घटनास्थल से बरामद एयर गन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल देवभोग पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।