लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद….
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के पावन अवसर पर जिला गरियाबंद के सभी थाना क्षेत्रों में भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के विशेष निर्देशानुसार, जिले के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड और विशेष कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण प्रदर्शित किया गया।
सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा 500 से अधिक देशी रियासतों का भारतीय संघ में ऐतिहासिक विलय कराकर अखंड भारत के निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान से आमजन और युवा पीढ़ी को अवगत कराना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य था।
*लाइव प्रसारण की व्यवस्था….* पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ स्वयं तथा प्रत्येक थाने, पुलिस चौकियों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी स्क्रीन एवं टीवी माध्यमों से राष्ट्रीय एकता दिवस परेड और समारोह की मुख्य झलकियों का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
*जनसहभागिता….* इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सरदार पटेल के जीवन संघर्ष, उनकी अदम्य इच्छाशक्ति और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को स्क्रीन के माध्यम से देखा व समझा।
*राष्ट्रीय एकता की शपथ….* प्रसारण के उपरांत सभी थानों में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने इस अवसर पर संदेश देते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें सिखाता है कि विभिन्नताओं से भरे इस विशाल देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
जिले के समस्त थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया