CG Urban Body Election : दिसंबर में 17 निकायों में चुनाव, आयोग ने तैयारियों की समीक्षा

छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव (CG Urban Body Election) की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बुधवार को नवा रायपुर में समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं तय समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। इस बार 15 नगरीय निकायों और दो नवगठित नगर पंचायतों में आम चुनाव होंगे।

बैठक में बताया गया कि जिन 15 निकायों का कार्यकाल दिसंबर 2026 में समाप्त हो रहा है, उनमें चार नगर निगम, पांच नगर पालिका परिषद और छह नगर पंचायत शामिल हैं। इसके अलावा नवगठित नगर पंचायत तमनार और बड़ी करेली में भी पहली बार आम चुनाव (CG Urban Body Election) कराए जाएंगे।

CG Urban Body Election इन निकायों में होंगे चुनाव

निर्वाचन (CG Urban Body Election) वाले नगर निगमों में बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली शामिल हैं। वहीं जामुल, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा और खैरागढ़ नगर पालिका परिषद में चुनाव होंगे। नगर पंचायत प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़ और भोपालपट्टनम में भी मतदान कराया जाएगा।

आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया जारी

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बताया कि 15 निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों का आरक्षण पूरा हो चुका है। वार्ड पार्षदों के आरक्षण की प्रक्रिया जारी है। वहीं तमनार में वार्ड आरक्षण और बड़ी करेली में वार्ड परिसीमन व आरक्षण का कार्य प्रगति पर है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों को सभी शासकीय प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से कराए जा सकें।