लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद…… छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलती एक दिल दहला देने वाली तस्वीर गरियाबंद जिले के मैनपुर से सामने आई है। जहां एक ओर सरकार शिक्षा के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर मैनपुर विकासखंड के ग्राम ठेमली पथर्री के मासूम बच्चे अपने भविष्य के लिए आंधी-तूफान और बरसते पानी में 15 किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर हैं।
मासूमों की मजबूरी……
तस्वीरें गरियाबंद के मैनपुर ब्लॉक की हैं। बोईरगांव पंचायत के ग्राम ठेमली पथर्री के जनपद सदस्य सुखचंद ध्रुव सुरु साथ मे बच्चों का पालक और कक्षा 1 से 5 तक के छोटे-छोटे बालक-बालिकाएं हाथों में बैनर लेकर नेशनल हाईवे से होते हुए ब्लॉक मुख्यालय मैनपुर की ओर कूच कर गए। इन मासूमों ने 15 किलोमीटर की ये पदयात्रा तेज बारिश में भीगते हुए तय की। सबसे बड़ा सवाल – इस दौरान किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने इन्हें रोकने, इनकी सुध लेने की जहमत नहीं उठाई।
शिक्षा विभाग की लापरवाही उजागर……
आखिर क्यों निकले ये बच्चे सड़क पर? वजह जानकर आप भी चौंक जाएंगे।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 5 साल से स्कूल का नया भवन अधूरा पड़ा है। छत तो डाल दी गई, लेकिन नीचे फ्लोरिंग तक नहीं की गई। आलम ये है कि एक ही कमरे में कक्षा 1 से लेकर 5 तक के बच्चे एक साथ बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। एक कमरे में पांच क्लास, कैसे होगी पढ़ाई? कैसे बनेगा भविष्य?
क्षेत्रीय जनपद सदस्य सुखचंद ध्रुव का कहना है कि उन्होंने इस भवन को पूरा कराने के लिए कलेक्टर से लेकर जिला शिक्षा अधिकारी तक को आवेदन दिया लेकिन 5 साल में ये स्कुल का भवन आज भी अधूरा है । ये सीधे-सीधे ब्लॉक के शिक्षा विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की घोर लापरवाही है।
पालकों का बड़ा ऐलान….
अब पालकों का सब्र टूट चुका है। पालकों ने सामूहिक निर्णय लिया है कि जब तक भवन पूर्ण नहीं होता, तब तक कोई भी बच्चा स्कूल नहीं जाएगा। यानि बच्चों ने स्कूल का पूर्ण बहिष्कार कर दिया है।
जनपद सदस्य, महिला पुरुष ग्रामीण स्कूली बालक बालिकाये 15 KM दूर से पैदल चलकर ब्लॉक मुख्यालय मैनपुर पहुंचे और SDM को मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपे।
अब बड़ा सवाल यही है कि बरसते पानी में भीगते हुए अपने हक के लिए दर-दर भटक रहे इन मासूमों की आवाज क्या बंद कमरों में बैठे अधिकारियों के कानों तक पहुंचेगी? क्या 5 साल से अधूरे पड़े इस भवन की सुध लेगा शिक्षा विभाग? या फिर इन बच्चों का भविष्य इसी तरह एक अधूरे कमरे में कैद रहेगा।![]()