अर्नब तूफान का कहर लाल हुआ आसमान, फिर शुरू हुई मूसलाधार बारिश आज सभी स्कूल बंद, प्रशासन ने किया अलर्ट जारी घर से बाहर न निकलने की चेतावनी

लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद…… चक्रवाती तूफान के असर से जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ गया है। बीती रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश आज सुबह भी लगातार जारी है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए जिले के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने देर रात आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिले के समस्त शासकीय, निजी, अनुदान प्राप्त और आंगनबाड़ी केंद्रों में आज अवकाश रहेगा।

बीती शाम लाल हुआ था आसमान, दे रहा था अनहोनी का संकेत…..
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीती शाम अचानक आसमान गहरा लाल हो गया था। बुजुर्गों का कहना है कि यह तेज बारिश और तूफान का संकेत था। उसके कुछ घंटों बाद ही ठंडी और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जो रह-रहकर अभी भी जारी है।

अर्नब तूफान के प्रभाव से जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।
प्रशासन अलर्ट पर, बाहर न निकलने की अपील
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

प्रशासन की ओर से स्थानीय स्तर पर मुनादी कराकर लोगों से अपील की जा रही है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकले।
कलेक्टर कार्यालय ने सभी तहसीलदारों, एसडीएम और नगर पालिका अमले को फील्ड में रहने के निर्देश दिए हैं। आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम भी एक्टिव कर दिया गया है।