लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद….. गरियाबंद जिला मुख्यालय में गौवंश की सुरक्षा और देखरेख को लेकर नगर पालिका की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर की सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी और उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। हालात यह हैं कि पिछले दो दिनों के भीतर ही नगर में तीन बछड़ों और एक गाय समेत चार गौवंश घायल हो चुके हैं। इनमें एक बछड़े की हालत इतनी गंभीर थी कि उसका पैर काटना पड़ा, जबकि दूसरे घायल बछड़े को प्लास्टर चढ़ाना पड़ा। वहीं तीसरे बछड़े के गड्ढे में गिर जाने के बाद उसे काफी मशक्कत से बाहर निकाला गया।
इन घटनाओं ने एक बार फिर शहर में गौवंश की देखरेख और उनके संरक्षण को लेकर नगर पालिका की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर सड़कों पर गौवंश घायल हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका के डूमर ब्यारा मे स्थित कांजी हाउस में गौवंश को रखने के बजाय आवारा कुत्तों की नसबंदी का काम किया जा रहा है।
घायल गौवंश के इलाज में जुटे रामराज्य युवा संगठन के युवक…….
शहर में घायल और बेसहारा गौवंश के लिए रामराज्य युवा संगठन के युवक सामने आए हैं। संगठन के युवा अपने स्तर पर घायल गायों और बछड़ों को उपचार उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं। हादसे में घायल गौवंश को उपचार दिलाने से लेकर उनकी देखभाल तक की जिम्मेदारी युवा उठा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल बछड़े का पैर काटने जैसी पीड़ादायक स्थिति भी सामने आई है। वहीं एक अन्य बछड़े को प्लास्टर चढ़ाकर उपचार किया गया है।
युवकों का कहना है कि गौवंश को घायल अवस्था में देखकर उन्हें बेसहारा नहीं छोड़ा जा सकता। इसी मानवीय जिम्मेदारी के चलते वे लगातार उनके इलाज और देखभाल में लगे हुए हैं। लेकिन सबसे बड़ी समस्या उपचार के बाद शुरू होती है। घायल पशुओं को इलाज के बाद सुरक्षित रखने के लिए कोई स्थायी स्थान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में युवकों के सामने यह संकट बना हुआ है कि स्वस्थ होने तक इन मवेशियों को कहां रखा जाए और उनकी नियमित देखभाल कैसे की जाए।
जबकि गरियाबंद जिला मुख्यालय के नजदीक गौ शाला है पर वहाँ भी नहीं भेजते इन गौ वंश क़ो
कांजी हाउस में गौवंश के बजाय कुत्तों की नसबंदी…..
नगर में गौवंश की देखरेख के लिए डूमर ब्यारा में कांजी हाउस बनाया गया है। परंतु वर्तमान में इस स्थान का उपयोग आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए किया जा रहा है। दूसरी तरफ शहर में घायल हो रहे गौवंश को सुरक्षित रखने के लिए कोई उपयुक्त व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
इस स्थिति को लेकर रामराज्य युवा संगठन के युवकों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि नगर पालिका से कई बार घायल और बेसहारा गौवंश के लिए स्थायी ठिकाने की मांग की गई, लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ठोस पहल नहीं हुई। युवकों का कहना है कि वे अपने स्तर पर गौवंश का उपचार तो करा रहे हैं, लेकिन इलाज के बाद उन्हें सुरक्षित रखने के लिए नगर पालिका को आगे आना चाहिए।
नगर पालिका पर अनदेखी का आरोप…..
रामराज्य युवा संगठन के युवकों का कहना है कि गौवंश की सुरक्षा केवल सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि स्थानीय निकाय को भी इसके लिए ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। शहर में लगातार सड़क दुर्घटनाओं में गाय और बछड़े घायल हो रहे हैं। ऐसे में नगर पालिका को गौवंश के लिए स्थायी आश्रय स्थल, उपचार और देखरेख की व्यवस्था करनी चाहिए। बार-बार मांग करने के बाद भी नगर पालिका द्वारा उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
यदि समय रहते गौवंश के लिए सुरक्षित स्थान और नियमित देखरेख की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आती रहेंगी।
कांजी हाउस में पशुओं को रखने का नियम बंद : नगर पालिका अध्यक्ष…..
इस पूरे मामले में नगर पालिका अध्यक्ष रिखिराम यादव का कहना है कि कांजी हाउस में जानवरों को रखने का नियम अब बंद हो गया है। इसी वजह से नगर पालिका द्वारा डूमर ब्यारा स्थित कांजी हाउस को कुत्तों की नसबंदी के लिए उपलब्ध कराया गया है।
हालांकि अध्यक्ष के इस बयान के बाद भी शहर में घायल हो रहे गौवंश को उपचार के बाद सुरक्षित रखने की समस्या बरकरार है। सवाल यह है कि यदि कांजी हाउस में पशुओं को रखने की व्यवस्था बंद कर दी गई है, तो फिर घायल और बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए नगर पालिका के पास वैकल्पिक व्यवस्था क्या है?
गौवंश संरक्षण के दावों के बीच व्यवस्था पर सवाल…..
गरियाबंद में पिछले दो दिनों के भीतर चार गौवंश का घायल होना महज दुर्घटना नहीं, बल्कि शहर में मवेशियों की सुरक्षा और देखरेख की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। एक तरफ सामाजिक संगठन के युवा अपने प्रयासों से घायल गौवंश का इलाज करा रहे हैं, तो दूसरी तरफ इलाज के बाद उन्हें रखने के लिए जगह तक उपलब्ध नहीं है।
अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और घायल व बेसहारा गौवंश के लिए कोई स्थायी आश्रय स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करता है या नहीं।
फिलहाल शहर में गौवंश की सुरक्षा का सवाल बना हुआ है और रामराज्य युवा संगठन के युवकों को अपने स्तर पर ही इस जिम्मेदारी को निभाना पड़ रहा है।