लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद…… गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत महानदी के उद्गम क्षेत्र करका में आज वन विभाग, पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस व्यापक अभियान में 400 से अधिक वनकर्मी, पुलिस बल एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी उपस्थित रहे। कार्रवाई में महिला वनकर्मियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह कार्रवाई केवल वनभूमि से अवैध कब्जा हटाने का अभियान नहीं, बल्कि महानदी के उद्गम क्षेत्र, वन्यजीव आवास एवं प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
2,200 हेक्टेयर सामुदायिक वन संसाधन अधिकार मिलने के बावजूद जंगल को पहुंचाया नुकसान
वर्ष 2020 में शासन द्वारा ग्रामसभा करका को लगभग 2,200 हेक्टेयर वन क्षेत्र में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (Community Forest Resource Rights – CFRR) प्रदान किए गए थे। इन अधिकारों का उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से वन संरक्षण, संवर्धन एवं प्राकृतिक संसाधनों का सतत प्रबंधन सुनिश्चित करना था।
इसके बावजूद पिछले लगभग एक दशक में करका के वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षों की कटाई, वृक्षों को गलाकर सुखाने (Girdling) तथा वनभूमि पर कृषि गतिविधियों के माध्यम से अतिक्रमण का विस्तार किया गया। विभागीय आकलन के अनुसार इस अवधि में लगभग 1 लाख पेड़ों की कटाई एवं क्षति हुई तथा लगभग 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण स्थापित किया गया।
वर्ष 2016 में लगभग 22 हेक्टेयर तक सीमित अतिक्रमण वर्ष 2026 तक बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। इसरो सैटेलाइट इमेजरी एवं जीपीएस-ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से इस विस्तार का दस्तावेजीकरण किया गया है।
सामुदायिक वन संसाधन अधिकारों का उद्देश्य वन संरक्षण एवं संवर्धन है। इन अधिकारों की आड़ में आरक्षित वनभूमि पर अवैध कब्जा अथवा वन संपदा का विनाश स्वीकार्य नहीं है।
महिला वनकर्मियों की अग्रणी भूमिका — 4 वर्षों में 1,090 हेक्टेयर वनभूमि अतिक्रमण मुक्त
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन संरक्षण एवं अतिक्रमण हटाने के अभियानों में महिला वनकर्मियों की भागीदारी लगातार महत्वपूर्ण रही है। पिछले चार वर्षों में महिला वनकर्मियों की सक्रिय भागीदारी से कुल 1,090 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने में सफलता मिली है।
करका में आज की कार्रवाई में भी महिला वनकर्मियों ने पुलिस एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह उपलब्धि दर्शाती है कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में महिला अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों की भूमिका केवल सहायक नहीं, बल्कि नेतृत्वकारी भी है।
400 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त तैनाती
करका में कार्रवाई को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए 400 से अधिक वन एवं पुलिसकर्मियों तथा कार्यपालिक दंडाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं वन विभाग के बीच समन्वित व्यवस्था के तहत अभियान संचालित किया गया।
उच्च क्षमता वाले सर्विलांस ड्रोन के माध्यम से प्रभावित क्षेत्र की निगरानी भी की गई। किसी भी प्रकार की तोड़फोड़, आगजनी, वन संपदा को नुकसान अथवा शासकीय कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों की रिकॉर्डिंग एवं आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई के लिए डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित किए गए।
महानदी के उद्गम क्षेत्र का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता
महानदी का उद्गम क्षेत्र छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण प्राकृतिक एवं पारिस्थितिक धरोहर है। करका के वन क्षेत्र में अतिक्रमण एवं वृक्षों की कटाई से न केवल वन आवरण प्रभावित हुआ, बल्कि जल संरक्षण, मृदा संरक्षण एवं वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर वन विभाग द्वारा लगभग 2,000 कंटूर ट्रेंच का निर्माण किया गया है। इसके माध्यम से वर्षा जल का संचयन, भूजल पुनर्भरण, मृदा में नमी का संरक्षण एवं प्राकृतिक वनस्पति के पुनर्जनन को बढ़ावा दिया जाएगा।
वन विभाग का लक्ष्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि करका के क्षतिग्रस्त वन परिदृश्य को पुनः हरा-भरा बनाना और महानदी के उद्गम क्षेत्र की पारिस्थितिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
