
लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद….. राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर ISBM विश्वविद्यालय के विधि संकाय (Faculty of Law) द्वारा गरियाबंद जिले के छुरा ब्लाक के ग्राम पंचायत नवापारा में निःशुल्क विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. बी.पी. भोल ने किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं उचित कानूनी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।
शिविर के दौरान विधि संकाय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने संपत्ति विवाद, पेयजल समस्या, पारिवारिक विवाद, मारपीट एवं चोरी सहित विभिन्न समस्याएं सामने रखीं। विधि संकाय की टीम ने इन मामलों से संबंधित आवश्यक कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उचित विधिक सलाह एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि प्रत्येक नागरिक को कानून के तहत अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। साथ ही आर्थिक या अन्य किसी प्रकार की कठिनाई के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन विधि संकाय की असिस्टेंट प्रोफेसर एवं कार्यक्रम समन्वयक सुश्री सुकृति पाठक ने किया। शिविर को सफल बनाने में विधि संकाय के सहयोगी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस प्रकार ISBM विश्वविद्यालय के विधि संकाय की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और आम नागरिकों को न्याय एवं विधिक सहायता की प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हुई।