Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों (Krishak Unnati Yojana) की आय बढ़ाने और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए कृषक उन्नति योजना के नए स्वरूप को मंजूरी दे दी है। अब खरीफ सीजन में धान की जगह दलहन, तिलहन, मक्का, कपास या मोटे अनाज की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य धान पर निर्भरता कम करना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना और किसानों की आमदनी बढ़ाना है।
इन फसलों की खेती पर मिलेगा 15 हजार रुपये प्रति एकड़
योजना (Krishak Unnati Yojana) के तहत अरहर, उड़द, मूंग, सोयाबीन, मूंगफली, तिल, मक्का, कपास, कोदो, कुटकी और रागी जैसी वैकल्पिक फसलों को शामिल किया गया है। पिछले खरीफ सीजन में धान की खेती करने वाले किसान यदि इस बार इन स्वीकृत फसलों की खेती करते हैं तो उन्हें 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से बैंक खाते में मिलेगी।
पहले से वैकल्पिक फसल उगाने वालों को भी मिलेगा लाभ
जो किसान पहले से खरीफ सीजन में दलहन, तिलहन, मक्का, कपास, कोदो, कुटकी या रागी की खेती कर रहे हैं, उन्हें पहले की तरह 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि मिलती रहेगी। हालांकि ट्रस्ट, निजी कंपनियां, शाला विकास समितियां और अन्य शासकीय संस्थाएं इस योजना के दायरे में नहीं आएंगी।
पंजीयन और डिजिटल सर्वे होगा अनिवार्य Krishak Unnati Yojana
योजना (Krishak Unnati Yojana) का लाभ लेने के लिए किसानों को एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा। साथ ही डिजिटल फसल सर्वे के जरिए यह सत्यापित किया जाएगा कि किसान ने धान के स्थान पर स्वीकृत वैकल्पिक फसल की ही खेती की है। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, बी-1 एवं पी-2 दस्तावेज, डीबीटी से लिंक बैंक खाता और मोबाइल नंबर अनिवार्य होंगे। फसल प्रविष्टि में संशोधन के लिए किसान प्राथमिक कृषि सहकारी समिति, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या विकासखंड कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
एमएसपी पर होगी दलहन-तिलहन की खरीदी
कृषि विभाग (Krishak Unnati Yojana) के अनुसार जिले में प्रधानमंत्री आशा योजना के तहत अरहर, उड़द, मूंग, मूंगफली और सोयाबीन की खरीदी 13 सहकारी समितियों के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जाएगी। शासन ने अरहर का एमएसपी 8,450 रुपये, उड़द 8,200 रुपये, मूंग 8,780 रुपये, मूंगफली 7,517 रुपये और सोयाबीन 5,708 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इस खरीफ सीजन में मक्का 18,200 हेक्टेयर, दलहन 15,270 हेक्टेयर, तिलहन 4,920 हेक्टेयर और लघु धान्य फसलों की 1,158 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती का लक्ष्य रखा गया है।

