गरियाबंद लोकेश्वर सिन्हा…… गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मंडेली में युवा क्रांति ग्राम समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय महिला एवं पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और जिलों से आई महिला एवं पुरुष टीमों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से दर्शकों का मन मोह लिया।
दो दिनों तक चले इस रोमांचक मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त जोश और जुनून देखने को मिला। फाइनल मुकाबले तक दर्शकों की भारी भीड़ मैदान में डटी रही।
समापन समारोह में सितारों का जमावड़ा…. कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छुरा की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) गरिमा दादर थाना छुरा के पुलिस बल के साथ उपस्थित रहीं।
समारोह की सबसे बड़ी आकर्षण रहीं विशेष अतिथि *भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी यादव*….. अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को अपने बीच पाकर युवा खिलाड़ियों, विशेषकर महिला खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का पारम्परिक रूप से स्वागत किया गया।
खिलाड़ियों को मिला प्रेरणा का मंत्र…. अपने संबोधन में संजू देवी यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों से आह्वान किया कि वे घर की चारदीवारी से बाहर निकल कर खेलों में अपना भविष्य बनाएं और अपने गांव, जिला और देश का नाम रोशन करें।
वहीं एसडीओपी गरिमा दादर ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना का संगम है। खेल से युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
खेल के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश
इस मंच को केवल खेल तक सीमित न रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को कई महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जागरूक भी किया गया।
साइबर जागरूकता… ऑनलाइन ठगी, अनजान फर्जी लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग और किसी भी स्थिति में अपना OTP किसी के साथ शेयर न करने की अपील की गई।
नशा मुक्ति अभियान… युवाओं को नशे के दलदल से दूर रहने की सलाह दी गई और नशे से होने वाले शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक नुकसानों के बारे में विस्तार से बताया गया।
महिला सुरक्षा… घरेलू हिंसा, महिला संबंधी अपराधों, महिलाओं के कानूनी अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों पर जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी परेशानी में तुरंत डायल 112 या थाना छुरा से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम मंडेली के सरपंच, जनप्रतिनिधि, युवा क्रांति ग्राम समिति के अध्यक्ष एवं सभी पदाधिकारी, थाना छुरा के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।