ऋषिझरना वन क्षेत्र में मकड़ियों की विविधता पर वैज्ञानिक सर्वेक्षण, 79 प्रजातियों की पहचान

ऋषिझरना वन क्षेत्र में मकड़ियों की विविधता पर वैज्ञानिक सर्वेक्षण, 79 प्रजातियों की पहचानलोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद….. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग ब्लाक क्षेत्र से लगे ओडिशा सीमा के समीप स्थित ऋषिझरन वन क्षेत्र में मकड़ियों की जैव विविधता को लेकर सात दिवसीय वैज्ञानिक सर्वेक्षण किया गया। इस अध्ययन में कुल 79 प्रजातियों की मकड़ियों की पहचान की गई, जो 53 वंश (Genera) एवं 15 परिवारों से संबंधित हैं। यह सर्वेक्षण क्षेत्र की स्थानीय जैव विविधता को वैज्ञानिक रूप से दस्तावेजीकृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस शोध का नेतृत्व जशवंत नायक एवं हितेश कुमार वारते ने किया। अध्ययन में शासकीय पं. श्याम शंकर मिश्र महाविद्यालय, देवभोग, गरियाबंद छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। इस अध्ययन में विद्यार्थियों विष्णु चरण सोना, सौरभ पवार, लोकेश कुमार नायक, टंकेश्वर माझी, विशाल कुलदीप, अमृता मिश्रा, निकिता अवस्थी, जनिता कश्यप, बिलासो पांडे, लुद्रेश सिंह, दम्रुधर पटेल, ललिता कश्यप, निहाल साहू एवं साहिल सोनी ने योगदान दिया।
विद्यार्थियों की भागीदारी से स्थानीय स्तर पर जैव विविधता अध्ययन एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिला।
सर्वेक्षण के दौरान सुबह एवं दोपहर के समय वन क्षेत्र में मकड़ियों का अवलोकन एवं संग्रहण किया गया। अध्ययन में प्रत्यक्ष निरीक्षण, हाथ से संग्रहण तथा इनवर्टेड अम्ब्रेला तकनीक का उपयोग किया गया। प्राप्त नमूनों की पहचान उनके बाह्य आकारिकी लक्षणों तथा उपलब्ध वैज्ञानिक साहित्य के आधार पर की गई।
अध्ययन में मकड़ियों के 15 परिवारों में Araneidae परिवार सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाला परिवार रहा, जिसमें 25 प्रजातियां दर्ज की गईं। इसके बाद Salticidae परिवार की 14 प्रजातियां दर्ज की गईं। Oxyopidae एवं Thomisidae परिवारों में आठ-आठ प्रजातियां, जबकि Theridiidae परिवार में सात प्रजातियां एवं छह वंश दर्ज किए गए। अन्य परिवारों में एक से तीन प्रजातियों तक का प्रतिनिधित्व पाया गया।

सर्वेक्षण में कुल 72 मादा एवं 22 नर रिकॉर्ड दर्ज किए गए, जबकि 15 प्रजातियों में नर एवं मादा दोनों का अवलोकन किया गया। अध्ययन के दौरान प्राप्त आंकड़ों की तुलना वर्ष 2024 में प्रकाशित छत्तीसगढ़ की मकड़ी प्रजातियों की सूची से भी की गई। तुलनात्मक अध्ययन में ऋषिझरन क्षेत्र में Theridiidae परिवार की अपेक्षाकृत अधिक प्रजातियों का प्रतिनिधित्व सामने आया तथा Zodariidae परिवार की एक प्रजाति भी दर्ज की गई, जो उक्त सूची में शामिल नहीं थी।

शोधकर्ताओं के अनुसार, ऋषिझरन वन क्षेत्र जैसे सीमावर्ती एवं वन-समृद्ध क्षेत्रों में जैव विविधता का अध्ययन अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि ऐसे क्षेत्रों में अनेक जीवों की उपस्थिति अब भी वैज्ञानिक दस्तावेजों में दर्ज नहीं हो पाई है। मकड़ियां पारिस्थितिकी तंत्र में कीट नियंत्रण एवं खाद्य श्रृंखला के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

हालांकि यह सर्वेक्षण केवल सात दिनों तक तथा मुख्यतः दिन के समय किया गया, इसलिए इसे क्षेत्र की मकड़ी विविधता का पूर्ण आकलन नहीं माना जा सकता। शोधकर्ताओं ने भविष्य में विभिन्न ऋतुओं, वनस्पति संरचनाओं एवं सूक्ष्म आवासों में विस्तृत सर्वेक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया है।

यह अध्ययन स्थानीय विद्यार्थियों की वैज्ञानिक गतिविधियों में भागीदारी, क्षेत्रीय जैव विविधता के संरक्षण तथा छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्रों में जीव-जंतुओं के वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल है।