लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद/धमतरी….. उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी अभ्यारण परिक्षेत्र में जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पोटाश बम से शिकार करने वाले गिरोह के 2 और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। न्यायालय ने दोनों आरोपियों की जमानत याचिका भी निरस्त कर दी है।
मामला सीतानदी अभ्यारण परिक्षेत्र रिसगांव के अंतर्गत छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित आरक्षित वनक्षेत्र कक्ष क्रमांक 254-255 बिखलापानी का है। यहां वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-II के सरल क्रमांक-23 में दर्ज वन्यप्राणी जंगली सुअर (Wild Pig) का विस्फोटक पदार्थ पोटाश बम से अवैध शिकार किया गया था। इस संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 70/22 दर्ज किया गया।
*पहले 5 आरोपी हो चुके थे गिरफ्तार….*
इस मामले में पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें नरसिंग पिता सोभासिंह निषाद उम्र 50 वर्ष, मानसिंग पिता सोहन राउत उम्र 22 वर्ष, देवानंद उर्फ लैला पिता मंगतूराम जाति केंवट उम्र 49 वर्ष, शेषमल पिता बदगू जाति गोंड़ उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम-खिलौली, थाना-कुंदई, तहसील- रायघर, जिला- नवरंगपुर (ओडिशा) तथा विस्फोटक पदार्थ पोटाश बम सप्लायर भारत पिता रामजी राठौर साकिन कोरहोबेड़ा, थाना- विश्रामपुरी, तहसील- विश्रामपुरी, जिला- कोण्डागांव (छ.ग.) शामिल हैं।
सप्लायर भारत राठौर के घर सर्च वारंट पर तलाशी के दौरान विभिन्न प्रकार की संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मौके से बरामद की गई थी। सभी आरोपियों को वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा-2(1), 20, 9, 27, 29, 31, 32, 39(1)(क)(ख), 49(ख), 50, 50(स), 51, 52 के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी व्यवहार न्यायालय नगरी, जिला-धमतरी के न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी में दाखिल कराया गया था।
*जेल में पूछताछ से मिला अहम सुराग….*
आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय से अनुमति लेकर वन विभाग की टीम ने 05.11.2026 को जिला जेल धमतरी में सभी आरोपियों से विशेष पूछताछ की। इस पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे।
पूछताछ में आरोपियों ने पोटाश बम बनाकर बेचने वाले सप्लायर भारत राठौर के साथ बम बनाने और लेन-देन करने वाले अपने साथियों के नामजद बयान दर्ज कराए। इसी बयान के आधार पर वन विभाग ने नई कार्रवाई की।
*17 नवंबर को 2 और आरोपी धराए….*
बयान के आधार पर संलिप्त आरोपी जोहरू नेताम पिता सुकाल जाति गोंड़ उम्र 40 वर्ष, साकिन कोरहोबेड़ा, थाना- विश्रामपुरी, तहसील- विश्रामपुरी, जिला- कोण्डागांव (छ.ग.) एवं मनकलाल पिता गोवर्धन मरकाम उम्र 37 वर्ष, ग्राम- मुकुंदपुर, थाना- सिहावा, तहसील- नगरी, जिला- धमतरी (छ.ग.) को पूछताछ के लिए उनके गृहग्रामों से गिरफ्तार कर परिक्षेत्र कार्यालय रिसगांव मुख्यालय सांकरा लाया गया।
पूछताछ के दौरान विस्फोटक पदार्थ (पोटाश बम) का लेन-देन करने, संदिग्ध पदार्थों की हेराफेरी-तस्करी करने एवं वन्यप्राणी जंगली सुअर का अवैध शिकार करने के जुर्म में दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी व्यवहार न्यायालय नगरी द्वारा न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।
उक्त दोनों आरोपियों की जमानत याचिका को माननीय न्यायालय द्वारा निरस्त कर दी गई।
*विस्फोटक अधिनियम के तहत भी FIR…..*
विस्फोटक पदार्थ पोटाश बम सप्लायर भारत पिता रामजी राठौर के घर से बरामद संदिग्ध विस्फोटक सामग्री के मामले में वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के साथ-साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम (ऑम्स एक्ट) के तहत पुलिस विभाग थाना विश्रामपुरी, जिला- कोण्डागांव में अपराध क्रमांक FIR No. 0092 दिनांक 06-11-2026 दर्ज किया गया है।
*अब गिरोह के भंडाफोड़ की तैयारी….*
वन विभाग के अनुसार आरोपी जोहरू नेताम एवं मनकलाल के बयानों एवं साक्ष्यों से संलिप्त आरोपियों के पूरे गिरोह का भंडाफोड़ होगा। गोपनीय सूचना तंत्र / इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
विभाग ने चिंता जताई है कि आरोपियों द्वारा वनक्षेत्र में वन्यप्राणियों के शिकार के उद्देश्य से जगह-जगह पोटाश बम फैलाकर लगाया जा रहा है। इसी वनक्षेत्र में समय-समय पर पुलिस जवानों द्वारा पेट्रोलिंग गश्त एवं वनकर्मचारियों/अधिकारियों द्वारा वनक्षेत्र में पेट्रोलिंग (गश्त) की जाती है, जिससे आम नागरिकों की जानहानि की भी संभावना बनी रहती है।
इस दृष्टिकोण से अनुसंधान/विवेचना अधिकारी को स्वतंत्र तस्दीक के लिए इनके गिरोह का पता लगाया जा रहा है। टाइगर रिजर्व कोरक्षेत्र में पुनः अवैध शिकार कर वन्यप्राणी अपराध कृत्य की पुनरावृत्ति न हो सके और न ही अवैधानिक कृत्यों हेतु आरोपियों का मनोबल बढ़ सके, इन सभी तथ्यों को मद्देनजर रखते हुए कड़ाई से छानबीन एवं तहकीकात की जा रही है। विभाग को उक्त प्रकरण में और भी अहम सुराग मिलने की अंदेशा है।
*इस कार्रवाई में ये अधिकारी रहे शामिल….*
न्यायालय की अनुमति से की गई पूछताछ में वरुण जैन भा.व.से. उपनिदेशक, उदंती-सीतानदी टाइगर गरियाबंद, बालगोविंद साहू उप वनसंरक्षक सहायक संचालक सीतानदी (नगरी) गोपाल सिंह कश्यप स.सं.व. सहायक संचालक उदंती एवं नोडल अधिकारी एंटीपोचिंग स्क्वाड टीम उपनिदेशक, उदंती-सीतानदी टाइगर गरियाबंद, चंद्रबली ध्रुव वनक्षेत्रपाल परिक्षेत्र अधिकारी रिसगांव, चंद्रभान साहू वनपाल अनुसंधान / विवेचना अधिकारी सहायक परिक्षेत्र अधिकारी पूर्व एकावारी शामिल रहे।