लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद….. छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) का नवंबर माह का वेतन रोक दिया है। इनमें गरियाबंद जिला भी शामिल है। कार्रवाई का कारण VSK ऐप पर शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति से जुड़ी जानकारी को Google Sheet में अपडेट नहीं करना बताया जा रहा है।
DPI (लोक शिक्षण संचालनालय) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 8 अक्टूबर से लगातार निर्देश दिए जाने और 3 नवंबर को स्मरण पत्र जारी करने के बावजूद संबंधित जिलों ने जानकारी अपडेट नहीं की। इसके बाद 12 नवंबर को यह सख्त कार्रवाई की गई।
क्या है पूरा मामला?
विभाग ने VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप के माध्यम से शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति की जानकारी को Google Sheet में नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए थे।
लेकिन तय समय सीमा के बाद भी 19 जिलों में यह काम पूरा नहीं हुआ। विभाग ने इसे लापरवाही मानते हुए संबंधित DEO का वेतन रोकने का आदेश जारी कर दिया।
VSK ऐप पर पहले से उठ रहे सवाल
इधर VSK ऐप की तकनीकी खामियों को लेकर शिक्षकों और अधिकारियों में पहले से नाराजगी है। कई जगहों पर ऐप में लॉगिन, अटेंडेंस अपलोड और सर्वर की समस्या की शिकायतें सामने आती रही हैं।
ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या सिर्फ जिलों की लापरवाही जिम्मेदार है, या ऐप की तकनीकी दिक्कतें भी इस देरी की वजह बनीं?
कार्रवाई की जद में ये 19 जिले गरियाबंद, रायपुर, दुर्ग, धमतरी, कोरबा, बालोद, बस्तर, सरगुजा, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, मुंगेली, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर।
अब क्या होगा?….
कार्रवाई के बाद अब सबकी नजर जिला शिक्षा विभाग पर टिकी है। गरियाबंद जिला शिक्षा विभाग इस आदेश पर क्या जवाब देता है और जानकारी कब तक अपडेट की जाती है, यह देखना होगा।
वेतन रोके जाने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सभी जिले तेजी से जानकारी अपडेट करने में जुटेंगे।