लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद….
जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और देश की आजादी के लिए जनजातीय वीर नायकों के अमूल्य योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से गरियाबंद जिले में 16 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। शहर के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा गरियाबंद जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत, लोककला, संस्कृति और परंपराओं को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा।
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार 11 से 18 नवंबर 2026 तक देशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले में भी सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनजातीय समाज के योगदान और सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने की तैयारी की गई है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, विद्यार्थियों और विभिन्न विभागों की सहभागिता रहेगी।
जनजातीय लोकनृत्य, कला और संस्कृति से सजेगा गांधी मैदान……….
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय समाज की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। शासन के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ के जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव के अंतर्गत करमा महोत्सव, शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की पारंपरिक कला, लोकगीत, नृत्य और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा जनजातीय विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें पारंपरिक शिल्प, हस्तकला, जनजातीय व्यंजन, पुस्तकों और स्थानीय कलाकृतियों से संबंधित स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। जनजातीय चित्रकला, फोटोग्राफी और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी के जरिए जनजातीय जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
जनजातीय क्रांतिवीरों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का होगा सम्मान……
जनजातीय गौरव दिवस का प्रमुख उद्देश्य देश की आजादी और समाज के उत्थान में जनजातीय महापुरुषों एवं क्रांतिवीरों के योगदान को याद करना है। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया जाएगा। इसके साथ ही जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा समाज के विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान भी किया जाएगा।
अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे बनाए गए नोडल अधिकारी…….
कलेक्टर रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। जारी आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे को संपूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं संयुक्त कलेक्टर एवं
अनुविभागीय अधिकारी गरियाबंद हितेश्वरी बाघे तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास लोकेश्वर पटेल को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस विभाग को सौंपी गई है। लोक निर्माण विभाग को टेंट, शेड और स्टॉल की व्यवस्था करने, विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग को बिजली और जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा।
आदिवासी विकास विभाग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन, कलाकार दलों के सुरक्षित आवागमन और प्रस्तुतियों के समन्वय का कार्य करेगा। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी को प्रतिभागियों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान तथा मंच संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अतिथियों के स्वागत, बैठक व्यवस्था, स्थल की साज-सज्जा, एलईडी स्क्रीन, प्रचार-प्रसार, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रतिभावान विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों के विजेताओं का होगा सम्मान……
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शिक्षा, कला, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों, प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक समन्वय और सम्मान समारोह की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा, प्रतिभा और उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
जनजातीय हितग्राहियों को मिलेंगे शासकीय योजनाओं के लाभ……
सांस्कृतिक और सम्मान समारोह के साथ-साथ जिला स्तरीय आयोजन में जनजातीय वर्ग के पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की भी तैयारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग को अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड वितरण तथा श्रम विभाग को श्रम कार्ड वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह जिले की पांचों जनपद पंचायतों गरियाबंद, मैनपुर, छुरा, फिंगेश्वर और देवभोग को अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों के प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पूर्णता प्रमाण पत्र वितरण के लिए आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के जनपद पंचायत प्रतिनिधियों और सरपंचों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
जनजातीय गौरव सप्ताह में जिलेभर में होंगे आयोजन……
11 से 18 नवंबर तक चलने वाले जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनजातीय विषयों पर संगोष्ठी, जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन, कला एवं संस्कृति प्रदर्शनी, चित्रकला और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिले के शासकीय कार्यालयों में भी जनजातीय गौरव दिवस से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों की फोटो और वीडियो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। साथ ही कार्यक्रमों की सफलता की कहानियों, फोटोग्राफ और वीडियो का संकलन भी किया जाएगा, ताकि जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन करने और आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गांधी मैदान में होने वाला यह जिला स्तरीय आयोजन जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा, गौरवशाली इतिहास और शासकीय योजनाओं को एक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।