लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद/देवभोग….
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले ही सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन का खेल शुरू हो गया है। ओडिशा से सस्ते दाम पर धान लाकर छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर खपाने की कोशिशें लगातार सामने आ रही हैं, जिस पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
ताजा मामला गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखंड का है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के सख्त निर्देश पर जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में देवभोग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित भरवामुड़ा नाके पर घेराबंदी कर ओडिशा से लाया जा रहा लगभग 60 कट्टा अवैध धान जब्त किया है।
तड़के सुबह मिली थी सूचना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह तड़के मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही देवभोग थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने ग्राम भरवामुड़ा नाके पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
कुछ देर बाद सफेद रंग की एक पिकअप वाहन क्रमांक CG07 AZ 9025 आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें लगभग 60 कट्टा धान लोड मिला।
कागजात नहीं दिखा पाया चालक
पुलिस ने जब पिकअप चालक से धान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और मंडी के कागजात मांगे तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। न तो उसके पास धान से संबंधित किसान पंजीयन था और न ही परिवहन की अनुमति। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लगभग 60 कट्टा धान सहित पिकअप वाहन को जब्त कर थाना देवभोग में सुरक्षार्थ रखा है। मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और धान के वास्तविक मालिक की तलाश की जा रही है।
लगातार सामने आ रहे हैं मामले
बता दें कि देवभोग क्षेत्र में अवैध धान परिवहन का यह कोई पहला मामला नहीं है। धान खरीदी का सीजन नजदीक आते ही सीमावर्ती इलाकों में ऐसे मामले तेजी से बढ़ जाते हैं।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन एक बड़ी समस्या बन चुका है।


