गरियाबंद में बीजेपी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन : ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब

लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद…. भारतीय जनता पार्टी ने जिला मुख्यालय गरियाबंद में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल जनसभा और पदयात्रा निकालकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। गांधी मैदान में आयोजित विशाल आमसभा के बाद हजारों कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर पदयात्रा निकालकर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूरे शहर में बीजेपी के झंडे, बैनर और नारों की तख्तियों के साथ कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब शामिल हुए। उनके साथ राजिम विधायक रोहित साहू, जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, सभी मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गांधी मैदान से गरजी बीजेपी…. कार्यक्रम की शुरुआत में गांधी मैदान में विशाल जनसभा से हुई। मंच से बीजेपी नेताओं ने एक के बाद एक कांग्रेस पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस आज मुद्दाविहीन हो चुकी है और जनता को गुमराह करने की राजनीति कर रही है।

मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब ने अपने संबोधन में कहा कि देश में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए SIR (Special Intensive Revision) जैसी प्रक्रिया बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि “देश में अब तक 12 बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें से 10 बार खुद कांग्रेस की सरकारों ने करवाई है। जब कांग्रेस सत्ता में थी तब यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक थी, लेकिन आज जब बीजेपी सरकार इसे पारदर्शिता के साथ कर रही है तो कांग्रेस जनता के बीच झूठ और भ्रम फैला रही है।”
वही मंत्री ने आरोप लगाया कि लगातार चुनाव हारने और सत्ता से बाहर होने की बौखलाहट में कांग्रेस अराजकता फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न नीति है, न नियत और न ही नेतृत्व।

उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, चाहे वह गरीब कल्याण हो, किसानों का हित हो या देश की सुरक्षा। जनता सब देख रही है और कांग्रेस के झूठ को समझ चुकी है।

राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस ने 5 साल तक सिर्फ झूठे वादे और भ्रष्टाचार किया। आज जब प्रदेश में बीजेपी की डबल इंजन सरकार विकास कर रही है तो कांग्रेस को यह पच नहीं रहा।

हाथों में तख्ती, जुबां पर नारे…. जनसभा के बाद गांधी मैदान से विशाल पदयात्रा निकाली गई जो शहर के मुख्य मार्गों – बस स्टैंड, सदर रोड, तिरंगा चौक होते हुए वापस सिविल लाइन के मैदान पहुंची। पदयात्रा में कार्यकर्ता हाथों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’, ‘कांग्रेस का झूठ नहीं चलेगा’, ‘भ्रम फैलाना बंद करो’ जैसे अलग-अलग नारों से लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। पूरे रास्ते ‘कांग्रेस होश में आओ’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से शहर गूंजता रहा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला संगठन की पूरी टीम ने अहम भूमिका निभाई। अंत में जिला अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि बीजेपी का हर कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा और कांग्रेस के झूठ को बेनकाब करने के लिए बूथ तक जाएगा।गरियाबंद में बीजेपी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन : ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब IMG 20261030 WA0186