गोबरा नवापारा और राजिम में EOW-ACB की सबसे बड़ी संयुक्त छापेमार कार्रवाई, प्रतिष्ठित सराफा कारोबारियों में हड़कंप

नयापारा/राजिम, गरियाबंद – लोकेश्वर सिन्हा…..

छत्तीसगढ़ में कोल लेवी और शराब घोटाले को लेकर आज सुबह से जांच एजेंसियों ने प्रदेश भर में एक साथ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले के राजिम और अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की है।

किनके यहां पड़ा छापा –

जानकारी के अनुसार यह छापा गोबरा नवापारा और राजिम के प्रतिष्ठित सोना-चांदी और कपड़ा व्यापारी विमल पारख और राजा पारख के ठिकानों पर पड़ा है।

टीम ने सबसे पहले गोबरा नवापारा स्थित इनके प्रमुख प्रतिष्ठान शांति विजय स्टोर्स और नवकार ज्वेलर्स में दबिश दी। इसके बाद राजिम स्थित शाखा और दोनों कारोबारियों के निवास पर भी टीम पहुंची। अधिकारियों द्वारा दुकान के बही-खाते, स्टॉक रजिस्टर, बैंक लेन-देन और अन्य दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।

कोल लेवी स्कैम से जुड़ा है तार –

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कोल लेवी वसूली और CSMCL शराब घोटाला मामले से जुड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि कोयला परिवहन में अवैध वसूली की रकम को सोना-चांदी और कपड़ा कारोबार के जरिए खपाने के शक में यह जांच की जा रही है।

प्रदेश भर में एक साथ रेड –

आज सुबह-सुबह ही EOW और ACB की टीमों ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा, गरियाबंद और राजिम सहित डेढ़ दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई अभी भी जारी है और संबंधित दुकान के अन्य गुप्त ठिकानों पर भी जांच चल रही है।

व्यापारियों में हड़कंप –

गोबरा नवापारा और राजिम जैसे छोटे शहर में EOW-ACB की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। सुबह से ही शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स के बाहर भीड़ लगी रही और पूरे व्यापारी वर्ग में हड़कंप का माहौल है। फिलहाल एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन बड़ी मात्रा में दस्तावेज जब्त किए जाने की खबर है।