लंबित राशि को लेकर सरपंच संघ ने खोला मोर्चा, एक सप्ताह का अल्टीमेटम

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद….. जिले में ग्राम पंचायतों की लंबित राशि और भुगतान में हो रही देरी को लेकर सरपंच संघ ने जिला प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखी हैं। 16वें वित्त आयोग और मूलभूत मद की राशि जारी करने के साथ ही निर्माण कार्य पूरे होने, मूल्यांकन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद लंबित पड़ी फाइलों का भुगतान करने की मांग की गई है। इस संबंध में सरपंच संघ ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह के भीतर राशि जारी करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं, तो जिलेभर के सरपंच कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत का घेराव करेंगे।
दरअसल, ग्राम पंचायतों की विभिन्न समस्याओं और लंबित भुगतानों को लेकर सरपंच संघ की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। सरपंच संघ का कहना है कि 16वें वित्त आयोग और मूलभूत मद की राशि समय पर नहीं मिलने से पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, जिन निर्माण कार्यों को पूरा कर उनका मूल्यांकन और सत्यापन कराया जा चुका है, उनकी फाइलें भी लंबित हैं और भुगतान जारी नहीं हो पा रहा है।
इन्हीं समस्याओं को लेकर संघ ने जिला पंचायत सीईओ और अपर कलेक्टर से एक सप्ताह के भीतर लंबित राशि जारी करने और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है। सरपंच संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में राशि जारी नहीं की गई, तो पूरे जिले के सरपंच एकजुट होकर कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत का घेराव करेंगे। अब देखना होगा कि सरपंच संघ की इस चेतावनी के बाद जिला प्रशासन लंबित भुगतान को लेकर क्या कदम उठाता है।लंबित राशि को लेकर सरपंच संघ ने खोला मोर्चा, एक सप्ताह का अल्टीमेटम