Golden Fish In kawardha : कवर्धा जिले के सरोदा जलाशय (Sarodha Dam) में मछुआरों को सोमवार को मछली पकड़ने के दौरान 65 किलो की विशाल मछली मिली। यह मछली न केवल आकार में अद्भुत थी बल्कि मछुआरों के लिए एक बड़ी उपलब्धि भी साबित हुई। नेताजी मछुआरा समिति के मछुआरों ने सुबह के समय सरोदा जलाशय में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला था।
अचानक जाल भारी हो गया और मछुआरे को लगा कि कोई बड़ा पत्थर या भारी वस्तु जाल में फंस गई है। जब उन्होंने जाल खींचने की कोशिश की, तो वह असफल रहे। इसके बाद अन्य मछुआरों को बुलाया गया और तीन साथियों की मदद से जाल बाहर निकाला गया। बाहर निकालते ही मछुआरों ने देखा कि उसमें छह फीट लंबी और 65 किलो वजनी विशाल मछली फंसी हुई थी।
सरोदा जलाशय (Sarodha Dam) में इससे पहले भी विशाल मछलियां पकड़ी जा चुकी हैं। मछुआरों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले यहां से 80 किलो वजनी मछली मिली थी। इस बार की 65 किलो की मछली भी एक बड़ी उपलब्धि है। मछुआरा समिति के सदस्य हीरालाल मल्लाह, सुखदेवराम मल्लाह, और राजेंद्र मल्लाह ने इस विशाल मछली को पकड़ने में मुख्य भूमिका निभाई। पकड़ी गई मछली को स्थानीय बाजार में बिक्री के लिए ले जाया जाएगा। मछुआरा समिति के सदस्यों ने बताया कि मछली पालन से न केवल उनकी आय में वृद्धि हो रही है, बल्कि यह क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी सहायक है।