लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद…. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला पुलिस गरियाबंद द्वारा आज एकता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। पुलिस लाइन गरियाबंद से आयोजित इस दौड़ में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जवानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया गया। दौड़ के दौरान “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। सभी प्रतिभागियों ने कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई और समाज को एकता का संदेश दिया।
क्या था कार्यक्रम का उद्देश्य?
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य केवल दौड़ना नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारा और सद्भाव की भावना को मजबूत करना था। जिला पुलिस द्वारा इस माध्यम से नागरिकों को यह भी संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ समाज का निर्माण होता है।
अधिकारियों ने बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक फिटनेस को नजरअंदाज किया जा रहा है। एकता दौड़ के माध्यम से लोगों को फिटनेस को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने और नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
सामूहिक प्रयास से ही सशक्त समाज संभव…. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार एक धागा कमजोर होता है, लेकिन कई धागे मिलकर मजबूत रस्सी बन जाते हैं, उसी प्रकार जब समाज का हर वर्ग एकता और अनुशासन के साथ आगे बढ़ेगा तभी एक मजबूत, सुरक्षित और स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई और देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।