उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के सख्त अफसर को मिली देश की बड़ी जिम्मेदारी, अतिक्रमणकारियों पर कहर बनकर टूटे थे जंगल से दिल्ली तक गूंजा नाम, IFS वरुण जैन अब NIA में SP

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद….. कुछ अफसर ऐसे होते हैं जिनका नाम फाइलों में नहीं, बल्कि जमीन पर लिए गए फैसलों से याद किया जाता है। भारतीय वन सेवा के 2017 बैच के अधिकारी वरुण जैन का नाम भी अब ऐसे ही अफसरों में लिया जा रहा है।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में उप निदेशक रहते हुए उन्होंने जंगल की सुरक्षा को एक अभियान की तरह चलाया। अब यही अनुभव उन्हें देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी तक ले गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर उनकी प्रतिनियुक्ति को मंजूरी मिल गई है।

यह सिर्फ एक तबादला नहीं है। यह जंगल की चौकसी से लेकर देश की आंतरिक सुरक्षा तक के सफर का नया अध्याय है।

*जहां नक्सल और जंगल अतिक्रमण, वहां डटे रहे वरुण जैन…*
उदंती-सीतानदी कोई आम जंगल नहीं है। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगा, नक्सल प्रभावित और बेहद संवेदनशील इलाका। यहां बाघ, वन्यजीव और दुर्लभ जैव विविधता को बचाना किसी चुनौती से कम नहीं था।
वरुण जैन के कार्यकाल में वनभूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई। अवैध कटाई, वन अपराध और अतिक्रमण पर ड्रोन, सैटेलाइट मैपिंग और फील्ड पेट्रोलिंग के जरिए नजर रखी गई।

उनका साफ संदेश था – जंगल किसी की निजी संपत्ति नहीं है, यह आने वाली पीढ़ियों की धरोहर है। इसी सख्ती ने उन्हें जंगल के प्रहरी के रूप में पहचान दिलाई।

*NIA में नई पारी, 9 नवंबर को आया प्रस्ताव…*
NIA की ओर से 9 नवंबर 2026 को वरुण जैन के लिए नियुक्ति प्रस्ताव जारी किया गया। इसके बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) कार्यालय ने 19 नवंबर 2026 को शासन को पत्र लिखकर उन्हें कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

माना जा रहा है कि नक्सल प्रभावित जंगल जैसे कठिन क्षेत्र में काम करने का अनुभव, अनुशासन और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता ही NIA में उनकी नियुक्ति की बड़ी वजह बनी है।

*अब कौन संभालेगा उदंती-सीतानदी?…*
वरुण जैन के जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि उदंती-सीतानदी जैसे संवेदनशील टाइगर रिजर्व की कमान किसके हाथ में होगी।

इसको लेकर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) ने अपर मुख्य सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव में मुंगेली के वर्तमान DFO तन्मय कौशिक को उदंती-सीतानदी का नया उप निदेशक बनाने की सिफारिश की गई है।
हालांकि अभी शासन की ओर से अंतिम मुहर लगना बाकी है।

*एक अध्याय पूरा, दूसरा शुरू…*
उदंती-सीतानदी में वरुण जैन का कार्यकाल वन संरक्षण के लिहाज से यादगार रहा। अब देखना यह होगा कि NIA जैसे राष्ट्रीय मंच पर वे अपनी उसी दृढ़ता और निष्पक्षता को कैसे दोहराते हैं।

पद बदलते रहते हैं, कुर्सियां बदलती रहती हैं, लेकिन काम की पहचान हमेशा बनी रहती है। वरुण जैन ने जंगल में यह साबित किया, अब बारी राष्ट्र की सुरक्षा के मोर्चे की है।उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के सख्त अफसर को मिली देश की बड़ी जिम्मेदारी, 
अतिक्रमणकारियों पर कहर बनकर टूटे थे
जंगल से दिल्ली तक गूंजा नाम, IFS वरुण जैन अब NIA में SP