लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद…..
गरियाबंद जिले के मैनपुर-कुल्हाड़ीघाट मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया, जब अचानक एक तेंदुआ सड़क पर विचरण करता दिखाई दिया। तेंदुए को सड़क पर टहलते देख वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक लीं और राहगीर सहम कर दूर से ही नजारा देखने लगे।
बताया जा रहा है कि यह घटना उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में आने वाले कुल्हाड़ीघाट वन परिक्षेत्र की है। शाम के समय जब मार्ग पर आवाजाही चल रही थी, तभी जंगल से निकलकर तेंदुआ मुख्य सड़क पर आ गया। कुछ देर तक वह बेखौफ होकर सड़क पर चलता रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
राहगीरों ने इस दुर्लभ नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेंदुआ आराम से सड़क पार कर रहा है और आसपास वाहनों की मौजूदगी से भी वह बिल्कुल बेखबर नजर आ रहा है। कुछ देर सड़क पर विचरण करने के बाद तेंदुआ धीरे-धीरे जंगल की ओर बढ़ गया और घने जंगल में ओझल हो गया।
वीडियो राहगीरों द्वारा ही बनाया गया है और क्षेत्र में तेंदुए की आवाजाही की सूचना वन विभाग को दी गई है।
इधर, घटना के बाद वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। विभाग ने राहगीरों से अपील की है कि इस मार्ग पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें। वाहन धीमी गति से चलाएं, शाम और रात के समय अकेले जंगल क्षेत्र में न रुकें और तेंदुआ दिखने पर उससे दूरी बनाए रखें। उसे छेड़ने या उसका पीछा करने की कोशिश बिल्कुल न करें।
गौरतलब है कि कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के बफर जोन से लगा हुआ है, जहां पहले भी वन्य जीवों की आवाजाही होती रही है। लेकिन मुख्य मार्ग पर इस तरह दिनदहाड़े तेंदुए के दिखने से क्षेत्र के लोगों में दहशत के साथ-साथ कौतूहल भी है।
वन विभाग के अधिकारी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की बात कह रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।