दीपावली मिलन समारोह एवं समरसता भोज में एक मंच पर जुटा भाजपा परिवार, वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन का मंत्र

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद….
दीपावली के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी जिला गरियाबंद द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में दीपावली मिलन समारोह एवं समरसता भोज का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और आत्मीयता के वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता और सामाजिक समरसता की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, छत्तीसगढ़ भंडारगृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, भाजपा जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पिछडा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरु निषाद पूर्व विधयाक संतोष उपाध्याय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। भाजपा कार्यालय मे दीपावली मिलन समारोह इस बार बेहद उत्साह और अनोखे अंदाज में मनाया गया। आतिशबाजी कर, मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देकर खुशियां साझा की गईं।

समारोह में दीपावली की शुभकामनाओं के साथ संगठनात्मक विषयों, सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं की भूमिका, संगठन की मजबूती, सरकार की जनकल्याणकारी पहल और जनसेवा के महत्व को रेखांकित किया।

छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने कार्यकर्ताओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने किसानों के हित में सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए बताया की खरीफ विपणन सत्र से पहले राज्य सरकार ने किसानों के पक्ष में बड़ा नीतिगत फैसला लेते हुए उपार्जन केंद्रों में 21 क्विंटल धान विक्रय की अनिवार्य बाध्यता खत्म कर दी है। नई व्यवस्था के तहत किसान अब अपनी जरूरत और सुविधानुसार ही धान बेच सकेंगे। काश्तकारों को बेची गई मात्रा पर समर्थन मूल्य और 21 क्विंटल के दायरे में शेष बची उपज पर ‘कृषक उन्नति योजना के तहत सीधे अंतर राशि (बोनस) का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं और उनकी आर्थिक समृद्धि सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

दीपावली मिलन समारोह एवं समरसता भोज में एक मंच पर जुटा भाजपा परिवार, वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन का मंत्र IMG 20261113 WA0121महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने अपने संबोधन में सभी कार्यकर्ताओं को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, निष्ठा और सेवा भावना से ही संगठन निरंतर मजबूत होता है। उन्होंने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, आम जनता के बीच सक्रिय रहने और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ आत्मीय संबंध बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का मार्गदर्शन दिया।

भाजपा जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने अपने उद्बोधन में संगठन की कार्यप्रणाली, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करने में संगठन के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी जमीनी सक्रियता और कार्यकर्ताओं की सामूहिक सहभागिता को बताया तथा सभी से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
राजिम विधायक रोहित साहू ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प का प्रतिनिधित्व करता है। जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र के विकास को गति मिलती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनसेवा के कार्यों में जुटे रहने की अपील की।

भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि दीपावली मिलन समारोह एवं समरसता भोज जैसे आयोजन संगठन के लोगों को एक परिवार के रूप में जोड़ने का काम करते हैं। आपसी मेल-मिलाप, सहयोग और समरसता से संगठनात्मक संबंध और अधिक मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान उसके समर्पित कार्यकर्ताओं से है। संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। उन्होंने जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ भंडारगृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने भी समारोह को संबोधित करते हुए उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में संगठन की विचारधारा, कार्यकर्ताओं के दायित्व और आपसी समन्वय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता, समर्पण और सक्रियता से सुनिश्चित होती है। सभी कार्यकर्ताओं को समाज के बीच रहकर जनहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक साथ समरसता भोज में सहभागिता की। दीपावली के उल्लास के बीच आयोजित इस समारोह में राजनीतिक गतिविधियों के साथ आपसी सद्भाव, भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देखने को मिला। यह आयोजन भाजपा परिवार के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने और सामूहिक रूप से संगठन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर बना।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश साहू, रामकुमार साहू जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप जिला महामंत्री डॉ आशीष शर्मा चंद्रशेखर साहू सहकारिता प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक मुरलीधर सिन्हा जिला उपाध्यक्ष गुरुनारायण तिवारी, प्रीतम सिन्हा, ईश्वर साहू, पदुलोचन जगत, केशरी ध्रुव, सरिता ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके महिला मोर्चा अध्यक्ष बिंदु सिन्हा किसान मोर्चा अध्यक्ष हलमन धुर्वा युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक साहू अजजा मोर्चा अध्यक्ष सियाराम ध्रुव अजा मोर्चा अध्यक्ष उत्तम राजवंशी मंडल अध्यक्षगण प्रकोष्ठ के संयोजक गण सहित जिलेभर के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।