आईएसबीएम विश्वविद्यालय में बौद्धिक संपदा अधिकार पर जागरूकता संगोष्ठी पेटेंट और नवाचार पर हुई चर्चा विद्यार्थियों को बताया शोध संरक्षण का महत्व

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद…. जिले के छुरा ब्लाक के नयापारा (कोसमी) मे संचलित आईएसबीएम विश्वविद्यालय में आज बौद्धिक संपदा अधिकार (Intellectual Property Right – IPR) विषय पर एक दिवसीय जागरूकता संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बौद्धिक संपदा के महत्व, नवीन विचारों के संरक्षण और रचनात्मक कार्यों के कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ संयोजक एवं संयुक्त कुलसचिव डॉ. रानी झा ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान तकनीकी और शैक्षणिक युग में IPR की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी और शोधार्थी के लिए अनिवार्य है। उन्होंने विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए संसाधन व्यक्ति का परिचय कराया।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता एवं संसाधन व्यक्ति अनमोल श्रीवास्तव, सीईओ एवं संस्थापक, लीगटेक ने IPR के विभिन्न आयामों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पेटेंट, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क और ट्रेड सीक्रेट जैसे विषयों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार एक नवीन विचार, शोध, आविष्कार या रचनात्मक कार्य को कानूनी संरक्षण प्रदान कर उसे व्यावसायिक रूप से उपयोगी बनाया जा सकता है। उन्होंने नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम में IPR की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया।

संगोष्ठी में प्रतिभागियों को अपने मौलिक शोध कार्यों और नवाचारों को संरक्षित करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि अनुसंधान एवं नवाचार की संस्कृति को विश्वविद्यालय में और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ. सुनील कुमार साहू, सहायक प्राध्यापक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए संसाधन व्यक्ति, विश्वविद्यालय प्रबंधन, सभी विभागाध्यक्षों, शिक्षकगणों, लैब स्टाफ और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।आईएसबीएम विश्वविद्यालय में बौद्धिक संपदा अधिकार पर जागरूकता संगोष्ठी
पेटेंट और नवाचार पर हुई चर्चा विद्यार्थियों को बताया शोध संरक्षण का महत्व