नगर पालिका गरियाबंद में विकास की नई इबारत, 66 लाख के चार कार्यों का भूमिपूजन सुलभ शौचालय, मुक्तिधाम उन्नयन और टीन शेड से संवरेगी शहर की सूरत

लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद……गरियाबंद नगर में विकास की रफ्तार को नई गति मिली है। नगर पालिका गरियाबंद द्वारा नगर के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 66 लाख रुपये की लागत से चार प्रमुख विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने विधि-विधान के साथ इन कार्यों की आधारशिला रखी। इन कार्यों में बुनियादी सुविधाओं से लेकर धार्मिक और सामाजिक जरूरतों तक का पूरा ध्यान रखा गया है, जो सीधे तौर पर आम जनता के हित से जुड़े हैं।

कौन-कौन से होंगे चार विकास कार्य….
जिला अस्पताल के पास बनेगा आधुनिक सुलभ शौचालय – 30 लाख रुपये
वार्ड क्रमांक 1 में जिला अस्पताल के पास लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की मांग की जा रही थी। जिला अस्पताल और उपजेल में प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। इस जन-समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने 30 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सुलभ शौचालय निर्माण की स्वीकृति दिलाई है। इसमें महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्वच्छ और सुविधायुक्त व्यवस्था रहेगी।

मुक्तिधाम का होगा कायाकल्प – 30 लाख रुपये……
वार्ड क्रमांक 7-8 स्थित मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए 30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस कार्य के पूरा होने से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को बैठने, आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी। परिसर को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और गरिमामय बनाया जाएगा।

पीपलेश्वर महादेव मंदिर के पास बनेगा टीन शेड – 5 लाख रुपये……
वार्ड क्रमांक 13 में आस्था के केंद्र पीपलेश्वर महादेव मंदिर के पास 5 लाख रुपये की लागत से टीन शेड का निर्माण होगा। मंदिर परिसर में साल भर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन होते रहते हैं। टीन शेड बनने से श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाव मिलेगा और आयोजनों के दौरान एक सुव्यवस्थित छायादार स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

सीसी सड़क मरम्मत से सुगम होगा आवागमन – 1 लाख रुपये….
वार्ड क्रमांक 12-13 में क्षतिग्रस्त सीसी सड़क की मरम्मत कार्य का भी शुभारंभ किया गया है। एक लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से स्थानीय रहवासियों का रोजमर्रा का आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा।

अध्यक्ष बोले – जनहित ही प्राथमिकता….
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने कहा, “हम नगर के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। हमारी प्राथमिकता मूलभूत सुविधाओं को जनता तक पहुँचाना है। आज जिन 66 लाख के कार्यों का भूमिपूजन हुआ है, वे सभी सीधे जनहित से जुड़े हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि इन सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा कराया जाए।”

भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष, सभापति, पार्षदगण सहित वार्ड क्रमांक 1 से डॉ. हरीश चौहान, उपजेल अधीक्षक रवि कुमार भुआर्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और वार्डवासी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में विकास को लेकर नागरिकों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया।

नगर पालिका गरियाबंद में विकास की नई इबारत, 66 लाख के चार कार्यों का भूमिपूजनसुलभ शौचालय, मुक्तिधाम उन्नयन और टीन शेड से संवरेगी शहर की सूरत
नगर पालिका गरियाबंद में विकास की नई इबारत, 66 लाख के चार कार्यों का भूमिपूजन
सुलभ शौचालय, मुक्तिधाम उन्नयन और टीन शेड से संवरेगी शहर की सूरत