- गरियाबंद में मां दुर्गा का भव्य स्वागत, आतिशबाजी से जगमगाया जय स्तंभ चौक
डीजे की धुन पर गूंजे माता रानी के जयकारे, गांधी मैदान में विराजीं मां दुर्गा
लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन गरियाबंद में मां दुर्गा के आगमन पर भक्ति, उल्लास और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। आतिशी रोशनी, रंग-बिरंगी कंफेटी, उड़ते बुलबुले और डीजे की धुन के बीच माता रानी का भव्य स्वागत किया गया। जय स्तंभ चौक पर सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति, गांधी मैदान द्वारा आयोजित स्वागत समारोह आकर्षण का केंद्र रहा। माता रानी के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।

रविवार को नवरात्रि के प्रथम दिन श्रद्धालु कुम्हारपारा से बाजे-गाजे और डीजे की धुन के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर निकले। शोभायात्रा में शामिल भक्त माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालु प्रतिमा के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। जैसे ही प्रतिमा जय स्तंभ चौक पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ माता रानी का अभिनंदन किया।
आतिशी रोशनी और बबल इफेक्ट ने बांधा समां
जय स्तंभ चौक पर माता रानी के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। पायरो व्हील, इलेक्ट्रिक कंफेटी ब्लास्टर, पेपर ब्लास्टर, बबल मशीन और स्पार्कुलर जैसे आकर्षक इफेक्ट ने स्वागत समारोह को भव्य बना दिया। आसमान में चमकती रोशनी, हवा में उड़ते रंगीन कागज और बुलबुलों ने पूरे माहौल को उत्सवमय कर दिया। इस नजारे को देखने के लिए चौक पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
आधुनिक तकनीक और आकर्षक रोशनी के बीच माता रानी के जयकारे लगातार गूंजते रहे। श्रद्धालुओं के लिए यह स्वागत समारोह नवरात्रि के पहले दिन का खास आकर्षण बन गया।
आधुनिक साज-सज्जा के बीच महाआरती, सुख-समृद्धि की कामना
भव्य स्वागत के साथ आयोजन में धार्मिक परंपराओं और आस्था को भी विशेष महत्व दिया गया। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। रोशनी और उत्सवी माहौल के बीच माता रानी की आराधना ने आयोजन को भक्तिमय बना दिया।
सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा गांधी मैदान में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां पूरे नौ दिनों तक पूजा-अर्चना, आरती और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पंचमी से नवमी तक भव्य रास गरबा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल होंगे।
शहर के 14 स्थानों पर विराजीं माता रानी
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर गरियाबंद शहर में कुल 14 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनमें सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति गांधी मैदान के अलावा यादवपारा, बजरंग चौक, कुम्हारपारा, संतोषी मंदिर, शिक्षक नगर, शारदा चौक, गाड़ा पारा, सिविल लाइन, फॉरेस्ट कॉलोनी, रावण भाटा, डाक बंगला और पैरी कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों के पंडाल शामिल हैं।
सभी पंडालों में आकर्षक सजावट के साथ पूजा-अर्चना शुरू हो गई है। मां दुर्गा के आगमन के साथ ही गरियाबंद में नवरात्रि की रौनक बढ़ गई है। शहर में अगले नौ दिनों तक भक्ति, आराधना और उत्सव का माहौल बना रहेगा।