6 लाख रुपये के गांजे के साथ ओडिशा का आरोपी गिरफ्तार

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 किलो 600 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 6 लाख रुपये आंकी गई है, तथा 10 हजार रुपये का मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 6 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम झरियाबाहरा तिराहा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-130 सी के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर मैनपुर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी की पहचान सुरेश कोक (37 वर्ष), पिता स्वर्गीय गंडाराम कोक, निवासी बागडोर, थाना बेलपाड़ा, जिला बलांगीर, ओडिशा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से हरे रंग की झिल्ली में पैक टेप लगे पांच पैकेटों में कुल 12.60 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा और मोटोरोला कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया।

आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 125/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में मैनपुर थाना पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।