Nitin Nabin : BJP अध्यक्ष पद संभालते ही नितिन नबीन का पहला बड़ा फैसला, कई राज्यों में नियुक्त किए चुनावी प्रभारी

Nitin Nabin BJP President : बीजेपी को मंगलवार को अपना 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Nabin) मिल गया है। अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के कुछ ही घंटों बाद नितिन नबीन ने संगठनात्मक स्तर पर पहला अहम फैसला लेते हुए चुनावी तैयारियों की दिशा तय कर दी है। नितिन नबीन ने अपनी पहली नियुक्ति करते हुए वरिष्ठ नेता विनोद तावडे को केरल विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि शोभा करंडलाजे को सह प्रभारी बनाया गया है। गौरतलब है कि इस वर्ष देश के कई राज्यों में विधानसभा और नगर निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में यह फैसला रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राज्यों के लिए भी किए चुनावी प्रभारी नियुक्त

विनोद तावडे के पास पहले से ही चंडीगढ़ मेयर चुनाव की जिम्मेदारी है और अब उन्हें केरल विधानसभा चुनाव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की हैं। राम माधव को ग्रेटर बेंगलुरु कारपोरेशन चुनाव का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सतीश पूनिया को प्रभारी और संजय उपाध्याय को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं तेलंगाना नगर निगम के आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए नितिन नबीन (Nitin Nabin) ने आशीष शेलार को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही अशोक परनामी और रेखा शर्मा को चुनाव सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इन नियुक्तियों के जरिए बीजेपी ने जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की रणनीति अपनाई है।

(Nitin Nabin) नितिन नबीन के हाथ में पांच राज्यों की चुनावी जिम्मेदारी

इस साल पश्चिम बंगाल समेत कुल पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन सभी राज्यों की चुनावी तैयारियों की समग्र जिम्मेदारी नितिन नबीन के नेतृत्व में तय की जाएगी। ऐसे में पार्टी संगठन, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं के समन्वय को लेकर नितिन नबीन की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नितिन नबीन इन राज्यों में संगठन को मजबूत कर चुनावी सफलता सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

इस दौरान नितिन नबीन (Nitin Nabin) ने सनातन परंपराओं और देश की आस्था की रक्षा करने का आह्वान करते हुए जनसांख्यिकीय परिवर्तन को एक गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे परिवर्तनों से बचाने के लिए समाज और राजनीति दोनों स्तरों पर सजग रहना आवश्यक है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “15 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं से सार्वजनिक जीवन में प्रवेश करने का आह्वान किया था। मैं भी देश के युवाओं से कहना चाहता हूं कि राजनीति से दूर रहना समाधान नहीं है, बल्कि सक्रिय योगदान देना ही देश के भविष्य का समाधान है।”

बीजेपी और संगठन को लेकर नितिन नबीन का संदेश

नितिन नबीन (Nitin Nabin) ने पार्टी संगठन की कार्यप्रणाली पर भरोसा जताते हुए कहा कि बीजेपी की निगरानी और संगठनात्मक व्यवस्था इतनी मजबूत है कि वह हर छोटी से छोटी गतिविधि पर नजर रखती है। उन्होंने कहा, “पार्टी एक दिन हर उस कार्यकर्ता को उस मुकाम तक जरूर पहुंचाती है, जिसके वह हकदार होते हैं।”

उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से पहले इन राज्यों में जनसांख्यिकीय परिवर्तनों और सामाजिक मुद्दों को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है, जिसे पार्टी गंभीरता से ले रही है।