तलवारबाजों का आतंक खत्म, पुलिस ने दो जगह से दबोचे दो आरोपी, 2 धारदार तलवारें जब्त

लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद…..
गरियाबंद जिले में अवैध हथियारों के दम पर आम लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा अब कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक, जिला गरियाबंद के सख्त निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को टाउन पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग के लिए लगातार ताकीद किया गया है। इसी अभियान के तहत थाना देवभोग पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक रूप से धारदार तलवार लहराकर लोगों को डराने वाले 2 आरोपियों को
इसमें एक अपराधी रूपेश यादव, पिता मंगल सिंह यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम गुड़भेली, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद
और दूसरा आरोपी रिंकु उर्फ ओंकार सोनवानी, पिता लछिन्दर सोनवानी, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम गोलामाल, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद
क़ो गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 नग लोहे की धारदार तलवारें भी जब्त की हैं। दोनों के विरुद्ध थाना देवभोग में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

*पहला प्रकरण — मंडी रोड पर तलवारबाजी*
देवभोग थाना की पुलिस टीम टाउन पेट्रोलिंग और जुर्म-जरायम की पतासाजी के लिए रवाना हुई थी। गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुड़भेली निवासी रूपेश यादव देवभोग मंडी के पास मेनरोड पर हाथ में लोहे की धारदार तलवार लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। मौके पर ही गवाहों के समक्ष उसके कब्जे से 01 नग लोहे की धारदार तलवार जब्त की गई।

*दूसरा प्रकरण — झाराबहाल पुलिया पर दहशत*
इसी तरह पुलिस को एक और मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम झाराबहाल पुलिया के पास मेनरोड पर ग्राम गोलामाल निवासी रिंकु उर्फ ओंकार सोनवानी हाथ में तलवार लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों में भय का माहौल बना रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसके कब्जे से भी 01 नग लोहे की धारदार तलवार जब्त की गई।

देवभोग पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखकर दहशत फैलाने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की चेकिंग और पेट्रोलिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी।तलवारबाजों का आतंक खत्म, पुलिस ने दो जगह से दबोचे दो आरोपी, 2 धारदार तलवारें जब्त