विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने फ्यूचर इकोटॉनिक्स में किया औद्योगिक भ्रमण, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण की बारीकियों को समझा नया रायपुर में आधुनिक PCB तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन से रूबरू हुए इंजीनियरिंग के छात्र

लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद….. तकनीकी शिक्षा को औद्योगिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गरियाबंद जिले के छुरा ब्लाक के आईएसबीएम विश्वविद्यालय, नवापारा (कोसमी) मे संचालित छत्तीसगढ़ के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण के तहत विद्यार्थियों ने नया रायपुर स्थित इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) में स्थापित फ्यूचर इकोटॉनिक्स (Future Ecotonics) का दौरा किया।
भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक औद्योगिक प्रक्रियाओं से जोड़ना और उन्हें इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण उद्योग की आधुनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।

PCB निर्माण से लेकर गुणवत्ता नियंत्रण तक की दी गई जानकारी….. औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कंपनी की संपूर्ण कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन कराया गया। छात्रों ने प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) निर्माण की प्रक्रिया, आधुनिक विनिर्माण तकनीकों, ऑटोमेटेड मशीनों के संचालन और औद्योगिक गुणवत्ता नियंत्रण के मानकों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा।

इस अवसर पर फ्यूचर इकोटॉनिक्स के संस्थापक प्रियांशु श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कंपनी का विस्तृत परिचय दिया।

उन्होंने बताया कि, “फ्यूचर इकोटॉनिक्स उच्च गुणवत्ता वाले और पर्यावरण-अनुकूल सिंगल-साइडेड और डबल-साइडेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) के निर्माण में विशेषज्ञता रखती है। हमारा उद्देश्य केवल उत्पाद बनाना नहीं, बल्कि नवीन तकनीकों के माध्यम से विश्वसनीय, टिकाऊ और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने वाले इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का निर्माण करना है।”

प्रियांशु श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को कंपनी की अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधाओं, अनुभवी इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने PCB प्रोटोटाइपिंग, एडवांस टेस्टिंग प्रक्रिया, कस्टमाइज्ड PCB डिजाइन और संपूर्ण इंजीनियरिंग सेवाओं की तकनीकी जानकारी भी साझा की।

संचार से लेकर चिकित्सा उपकरणों तक में होता है उपयोग…
प्रियांशु श्रीवास्तव ने बताया कि फ्यूचर इकोटॉनिक्स द्वारा निर्मित PCB का उपयोग आज संचार एवं नेटवर्किंग, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमेशन और चिकित्सा उपकरणों जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि वर्तमान इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग में केवल तकनीकी दक्षता ही नहीं, बल्कि नवाचार, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी भी सफलता के प्रमुख आधार हैं।

करियर के नए अवसरों से हुए अवगत…..
इस भ्रमण का एक प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य के करियर और रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना भी था। छात्रों ने विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर उद्योग की मांग, आवश्यक कौशल और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों पर चर्चा की।

विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों में उद्योग और शिक्षा के बीच समन्वय स्थापित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें इंडस्ट्री-रेडी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस औद्योगिक भ्रमण में फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। भ्रमण को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और फ्यूचर इकोटॉनिक्स प्रबंधन का सभी विद्यार्थियों ने आभार व्यक्त किया।विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने फ्यूचर इकोटॉनिक्स में किया औद्योगिक भ्रमण, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण की बारीकियों को समझानया रायपुर में आधुनिक PCB तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन से रूबरू हुए इंजीनियरिंग के छात्र