विजयदशमी पर गरियाबंद पुलिस ने की परंपरागत शस्त्र पूजा, असत्य पर सत्य की जीत का दिया संदेश…. SP वेदव्रत सिरमौर ने की जिले में शांति और समृद्धि की कामना…

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद….. विजयदशमी के पावन पर्व पर जिला पुलिस बल द्वारा परंपरा का निर्वहन करते हुए रक्षित केंद्र पुलिस लाइन गरियाबंद में पारंपरिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान के साथ पुलिस विभाग के आधुनिक अस्त्र-शस्त्रों, पारंपरिक शस्त्रों एवं शासकीय वाहनों का तिलक लगाकर, अक्षत और पुष्प अर्पित कर पूजन किया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण सिंह उके, उप पुलिस अधीक्षक लितेश सिंह, एसडीओपी निशा सिन्हा एवं रक्षित निरीक्षक सनत कुमार ठाकुर सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य श्रद्धा और उत्साह के साथ उपस्थित रहे। पूजन के पश्चात सभी अधिकारियों ने एक-दूसरे को विजयदशमी की बधाई दी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने समस्त पुलिस परिवार, उनके परिजनों और गरियाबंद जिले के नागरिकों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। गरियाबंद पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।