PV ऐप में गड़बड़ी को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल चौथे दिन भी जारी, कार्रवाई के आदेश की होली जलाकर जताया विरोध

लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद…..छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ का अनिश्चितकालीन आंदोलन आज चौथे दिन भी जारी है। पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों और पीवी ऐप के जरिए भौतिक सत्यापन में आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक परेशानियों को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।

पटवारी संघ का आरोप है कि बार-बार समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद समाधान नहीं किया गया, बल्कि तकनीकी दिक्कतों के बीच काम प्रभावित होने पर कुछ पटवारियों के खिलाफ निलंबन जैसी कार्रवाई की जा रही है। इसी को लेकर गरियाबंद जिले में मामला और तूल पकड़ लिया है।

प्रशासन ने की कार्रवाई, भड़का संघ

विभागीय दस्तावेजों के अनुसार, भौतिक सत्यापन का कार्य शुरू नहीं करने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोप में कुछ पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

गरियाबंद के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय से जारी आदेश में कुछ पटवारियों को पॉलीगॉन सर्वे एवं भौतिक सत्यापन का कार्य शुरू नहीं करने और बस्तर मुन्ने योजना के तहत सर्वे नहीं करने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया था। नोटिस दिए जाने के बावजूद काम शुरू नहीं करने को गंभीर लापरवाही बताते हुए 24 घंटे के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए थे।

इसी आदेश से नाराज पटवारी संघ ने आज आंदोलन स्थल पर प्रशासनिक आदेश की प्रति को लेकर नारेबाजी करते हुए उसे आग में जला दिया।

क्या है पटवारियों की मांग?

पटवारी संघ का कहना है कि तकनीकी समस्याओं के बीच काम प्रभावित होने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है। संघ ने वर्षों से लंबित वेतन विसंगति को दूर करने, पदोन्नति के मामलों का निराकरण करने और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।

PV ऐप में गड़बड़ी को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल चौथे दिन भी जारी, कार्रवाई के आदेश की होली जलाकर जताया विरोध
PV ऐप में गड़बड़ी को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल चौथे दिन भी जारी, कार्रवाई के आदेश की होली जलाकर जताया विरोध

← Back

Thank you for your response. ✨