Sakti Sand Mining : आधी रात प्रशासन का बड़ा प्रहार, हाइवा-ट्रैक्टर समेत रेत का जखीरा जब्त

Sakti Sand Mining : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में अवैध रेत कारोबारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के कड़े निर्देश के बाद राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार की आधी रात को छापामार कार्रवाई कर रेत माफियाओं की कमर तोड़ दी। हसौद के ग्राम करही और सक्ती शहर के बस स्टैंड इलाके में हुई इस कार्रवाई से अवैध उत्खनन में लगे सिंडिकेट के बीच हड़कंप मच गया है।

आधी रात घेराबंदी, मौके से भागे माफिया (Sakti Sand Mining)

प्रशासन को सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम करही में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर रेत की तस्करी की जा रही है। एसडीएम के नेतृत्व में टीम ने रात करीब 10 बजे अचानक दबिश दी। पुलिस और राजस्व की टीम को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई। प्रशासन ने घेराबंदी कर एक हाइवा (CG04 Q 09514) और एक ट्रैक्टर लोडर को रंगे हाथों जब्त कर लिया, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए।

शहर के बीचों-बीच अवैध भंडारण का भंडाफोड़

हसौद के बाद टीम ने सक्ती शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड क्षेत्र में धावा (Sakti Sand Mining) बोला। यहाँ नियमों को ताक पर रखकर जमा की गई रेत की 6 बड़ी ढेरियों को प्रशासन ने तत्काल जब्त कर लिया। राजस्व निरीक्षक की जांच में पाया गया कि इस भंडारण के लिए कोई वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे। विभाग ने अब ‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015’ के तहत कड़ी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कलेक्टर की दो टूक, ‘खनिज चोरी बर्दाश्त नहीं’

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इस कार्रवाई के जरिए जिले के माफियाओं को स्पष्ट चेतावनी (Sakti Sand Mining) दी है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे खनिज चोरी की जानकारी सीधे अधिकारियों को दें ताकि ऐसी अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।