गुजरात

मोरबी हादसा : 134 की मौत, अब तक 9 लोगों की गिरफ्तारी, कल घटनास्थल पहुंचेंगे पीएम मोदी

अहमदाबाद। गुजरात के मोरबी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने ब्रिज हादसे के गुनहगारों की धर-पकड़ तेज कर दी है। सोमवार शाम तक इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किये गए आरोपियों में ओरेवा कंपनी के 2 मैनेजर, 2 टिकट क्लर्क, 3 सिक्योरिटी गार्ड और 2 रिपेयरिंग कांट्रेक्टर शामिल हैं। गुजरात में मोरबी शहर के बी डिवीजन क्षेत्र में रविवार को झूला पुल टूटने से मच्छू नदी में गिरने से अब तक 134 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अन्य कई लोग घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका है। अभी भी नदी में लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मच्छू नदी पर बना झूलता पुल कल शाम अचानक टूट गया, जिसके कारण कई लोग नदी में गिर गए। इसके बाद वहां कोहराम मच गया था। रविवार को हादसे के बाद सोमवार को भी राहत कार्य चल रहा था।

 

 

आज दोपहर घटनास्थल पहुंचेंगे पीएम : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मच्छू नदी पर हुए झूला पुल हादसे के बारे में जानकारी लेने के लिए मंगलवार को दोपहर बाद खुद मोरबी जाएंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोमवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी है। ट्वीट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को दोपहर बाद मोरबी में मच्छू नदी पर बने झूला पुल के टूटने से हुई दुर्घटना के बाद स्थिति का जायजा लेने वहां जायेंगे। वह हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से भी मिलेंगे।

Related Articles

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Back to top button