Chhattisgarh News : सेंट्रल डेप्यूटेशन से छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अमित कटारिया (IAS Amit Kataria) छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। 2004 बैच के अमित कटारिया रायपुर नगर निगम आयुक्त, रायगढ़ और बस्तर में कलेक्टर रह चुके हैं। अपनी दबंग और मिलनसार छवि के लिए आम पब्लिक के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
आईएएस अमित कटारिया (IAS Amit Kataria) 2017 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे। करीब 7 सालों से छत्तीसगढ़ से बाहर रहे कटारिया ने मंत्रालय में अपनी जॉइनिंग दे दी है। उन्होंने चीफ सेक्रेटरी से भी मंगलवार को मुलाकात की है। अभी उन्हें कोई विभाग नहीं मिला है, लेकिन बड़ा पद मिलने की संभावना है।
2004 बैच के IAS अमित कटारिया 2017 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गये थे। अब इन अफसरों की वापसी के बाद माना जा रहा है कि नए सिरे से IAS ट्रांसफर लिस्ट आ सकती है। अधिकारियों के बीच काम का बंटवारा होगा। अमित कटारिया को फिलहाल कौन सा विभाग मिलेगा ये तय नहीं है। उन्हें कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है।
दरअसल, अमित कटारिया जब रायगढ़ जिले में कलेक्टर थे। उस वक्त मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ सांसद थे। दोनों में ट्यनिंग अच्छी है। ऐसे में कटारिया को सीएम विष्णुदेव की टीम में भी जगह मिलने से इन्कार नहीं किया जा सकता।
प्रतिनियुक्ति पूरी होने के बाद छत्तीसगढ़ कैडर के IAS अफसरों का वापस लौटना शुरू हो गया है। बीते 8 महीने में अमित कटारिया को मिलाकर कुल 5 IAS अफसर राज्य लौट चुके हैं। कटारिया के पहले एसीएस रिचा शर्मा, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सचिव अविनाश चंपावत और रितु सेन छत्तीसगढ़ लौट चुके हैं।
आईएएस डॉ रोहित यादव और IAS रजत कुमार भी जल्द छत्तीसगढ़ जॉइन करने वाले हैं। एक तरह से देखा जाए तो ये सभी छत्तीसगढ़ लौट रहे अधिकारी डॉ रमन सिंह के CM रहते प्रदेश के पॉलिसी मेकर रहे हैं। जो भाजपा की सरकार लौटने के बाद फिर से प्रदेश के अहम विभागों के चीफ बनेंगे।