Priyanka Gandhi CG Visit : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दौरे के बाद अब पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) का दौरा लगभग तय माना जा रहा है। संभावना है कि प्रियंका 21 अप्रैल को चुनाव प्रचार करने छत्तीसगढ़ दौरे पर आ सकती हैं। प्रियंका राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा सीट पर सभा करेंगी, हालांकि अभी उनके दौरे की आधिकारिक जानकारी आनी बाकी है।
प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) 21 अप्रैल को राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थन में बड़ी आम सभा करेंगी। इस आम सभा के बाद वो कांकेर भी जाएंगी। वहां कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगी।
प्रियंका गांधी पहले 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आने वाली थीं। राजनांदगांव में उनकी सभा को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई थीं, लेकिन अब उनका दौरा एक दिन आगे बढ़ गया है।
खड़गे की दो सभाओं का प्रस्ताव : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की दो संसदीय क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इनमें जांजगीर और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में स्थानीय समीकरणों के आधार पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा कराने पर जोर दिया गया है।
इसी तरह कांकेर लोकसभा क्षेत्र में भी जल्द ही कम से कम एक सभा कराने का प्रस्ताव है। इधर, खड़गे के चुनावी दौरे को लेकर भी हरी झंडी का इंतजार किया जा रहा है।