Odisha Bus Accident : बेकाबू बस फ्लाईओवर से गिरी, 5 लोगों की मौत, कई घायल

Odisha Bus Accident News : ओडिशा के जाजपुर जिले में सोमवार को एक बस फ्लाईओवर से गिर गई। इस दुर्घटना (Odisha Bus Accident) में पांच की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। बताया गया है कि बस पुरी (ओडिशा) से कोलकाता जा रही थी, इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर बाराबती में एक फ्लाईओवर को पार करते समय चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस नीचे गिर गई।

सूत्रों के मुताबिक, दोपहर में करीब 50 यात्रियों को लेकर बस पुरी से कोलकाता जाने के लिए निकली थी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय अधिकारी और अग्निशमन विभाग के कर्मी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और बस के अंदर से यात्रियों को बाहर निकाला।

सूत्रों ने बताया कि कुछ घायल यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं, हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया था. स्थानीय पुलिस ने हाईवे पर यातायात को सुचारू किया। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, वहीं कुछ लोगों के वाहन के नीचे फंसे होने की आशंका है।