KKR vs RCB : एक रन से हारी आरसीबी, रोमांचक मैच में आखिरी गेंद पर जीती केकेआर

KKR vs RCB Live Score : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के मैच नंबर-36 में कोलकाता नाइट राइडर्स  ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (KKR vs RCB) को 1 रन से हरा दिया. रविवार (21 अप्रैल) को ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में आरसीबी को जीत के लिए 223 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन उसकी पूरी टीम 20 ओवर्स में 222 रनों पर सिमट गई.


आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 21 रन बनाने थे. स्टार्क के उस ओवर में कर्ण शर्मा ने तीन छक्के लगाए. हालांकि पांचवीं गेंद पर कर्ण आउट हो गए. अब आरसीबी को एक गेंदों पर तीन रन बनाने थे, लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन दूसरा रन लेने के चक्कर में रनआउट हो गए.


टारगेट का पीछा करते हुए आरसीबी (KKR vs RCB)की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 35 रनों के स्कोर तक उसने विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस के विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद विल जैक्स और रजत पाटीदार ने शतकीय साझेदारी करके आरसीबी को मैच में वापस लौटाया. जैक्स और पाटीदार के बीच तीसरे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी हुई. जैक्स ने 4 चौके और पांच सिक्स की मदद से 32 गेंदों पर 55 रन बनाए. वहीं पाटीदार ने सिर्फ 23 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली. पाटीदार ने अपनी पारी में 3 चौके और पांच छक्के लगाए.


टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR vs RCB) ने छह विकेट पर 222 रनों का स्कोर खड़ा किया. ओपनर फिल साल्ट ने महज 14 गेंदों पर 48 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे. वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर सर्वाधिक 50 रन बनाए. श्रेयस ने अपनी पारी में सात चौके और एक सिक्स लगाया.

रमनदीप सिंह ने दो चौके और दो सिक्स की मदद से 9 गेंदों पर 24 रनों की नाबाद पारी खेली. आंद्रे रसेल ने भी 20 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाए. आरसीबी के लिए यश दयाल और कैमरन ग्रीन ने दो-दो विकेट हासिल किए. देखा जाए तो इस सीजन में कोलकाता नाइट राडर्स ने तीसरी बार 220 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया.