Manisha Koirala Video : नेपाल में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच दिग्गज अभिनेत्री मनीषा कोइराला का एक पुराना वीडियो फिर से इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में वह हिंदू राष्ट्र (Hindu Nation Support) के विचार का समर्थन कर रही हैं। इस क्लिप ने देश की धार्मिक और राजनीतिक पहचान पर नई बहस छेड़ दी है।
मनीषा का एक पुराना वीडियो इंटरनेट पर धूम मचा रहा है, जिसमें वह नेपाल को हिंदू राष्ट्र (Hindu Nation Support) बताते हुए उसकी धर्मनिरपेक्ष स्थिति की आलोचना करती नजर आ रही हैं। इस इंटरव्यू में कोइराला इस बात पर ज़ोर देते हुए सुनाई दे रही हैं कि नेपाल ऐतिहासिक रूप से एक हिंदू देश रहा है और यह दावा कर रही हैं कि यह देश की पहचान का एक अभिन्न अंग है। एक्स पर एक यूजर ने वीडियो को कैप्शन के साथ साझा किया और लिखा कि मनीषा कोइराला ने कुछ समय पहले नेपाल के बारे में यह कहा था।
मुंबई, आइएएनएस: प्रसारित क्लिप में नेपाल की रहने वाली अभिनेत्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “हम एक हिंदू राष्ट्र (Hindu Nation Support) थे। हमारी सबसे अच्छी पहचान यही है कि हम एक हिंदू राष्ट्र हैं। हमारे देश में धर्म को लेकर कभी कोई लड़ाई नहीं हुई। यहां कोई युद्ध नहीं है, कोई हत्या नहीं है और कोई झगड़ा नहीं है। हम एक शांतिपूर्ण हिंदू राष्ट्र थे जहां कोई संघर्ष नहीं था। इसे क्यों हटाया गया?”
उन्होंने आगे कहा, “मेरा मतलब है कि ऐसा महसूस कराया गया जैसे यह सब एक साजिश थी। एकता से इसे पूरी तरह से हटा दिया जाएगा।” मनीषा कोइराला का यह पुराना साक्षात्कार नवंबर 2022 का है, जो 20 नवंबर को नेपाल में होने वाले आम चुनावों से ठीक पहले का है। इसमें उन्होंने देश की धर्मनिरपेक्ष स्थिति पर अपनी नाराजगी जताई थी। यह वीडियो आज दोबारा सामने आने के बाद नेपाल में धर्म और राजनीति के बीच संतुलन पर नई बहस को जन्म दे रहा है।
