Chhattisgarh News : मानसून का इंतजार कर रहे छत्तीसगढ़ में मंगलवार को अनेक जिलों में बारिश (Heavy Rain) हुई। इसके साथ ही आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई।
इनमें सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले में ग्राम माड़र निवासी मिथुन पैकरा (25) साइकिल से घर जा रहा था। कुछ दूरी पर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। ग्राम दौना में मिलन राम (55) शाम को घर पर आराम कर रहा था। इसी दौरान बिजली गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई।
कर्रा गांव में भुवनेश्वर सिंह (42), बसंती कंवर (40) और मनबोध सिंह (42) खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान शाम चार बजे आंधी चलने लगी। थोड़ी देर बाद हुई तेज वर्षा (Heavy Rain) से बचने के लिए तीनों महुआ पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान बिजली गिर गई।
इससे भुवनेश्वर सिंह व बसंती कंवर की मौत हो गई। जबकि मनबोध गंभीर रूप से झुलस गया। कवर्धा जिले के ग्राम गौरमाटी में पूरन साहू पुत्र संजू (32) के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान बिजली गिरने से संजू की मौत हो गई।
अभी बस्तर क्षेत्र में ठहरा हुआ है मानसून : आने वाले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेशभर में सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, अब प्रदेश में बारिश का क्रम शीघ्र ही प्रारंभ हो जाएगा। हालांकि मंगलवार 18 जून की स्थिति में भी दक्षिण-पश्चिम मानसून बस्तर क्षेत्र के सुकमा व बीजापुर में ठहरा हुआ है।
ज्ञात हो कि आठ जून को ही इन क्षेत्रों में मानसून प्रवेश कर चुका है। प्रदेश में मंगलवार को महासमुंद सबसे गर्म रहा। कृषि विज्ञान केंद्र महासमुंद का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री दर्ज किया गया।
मानसून ब्रेक के चलते बारिश कम : प्रदेश में मानसून ब्रेक के चलते इन दिनों वर्षा की गतिविधियां काफी कम हो रही है और तापमान में बढ़ोतरी के कारण उमस भी बढ़ती जा रही है। बस्तर क्षेत्र में मानसून ब्रेक नहीं लगता तो 15 जून तक ही मानसून रायपुर प्रवेश कर जाता और इसके बाद बड़ी तेजी से अन्य क्षेत्रों में इसका विस्तार होना था।
मंगलवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। सुबह ठंडी हवा के बाद दोपहर को भी फिर से तेज धूप निकली और तापमान में बढ़ोतरी के चलते उमस भी रही।
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी आसमान में बादल रहेंगे। दिन का तापमान 36 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।