June 30, 2025

Fire In Foam Factory : फोम फैक्ट्री में आग, 2 महिलाओं की मौत, 5 ने भागकर बचाई जान

Raipur News : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित गोंदवारा में बुधवार को गद्दे बनाने वाली फोम स्लीप प्रो कंपनी में भीषण आग (Fire In Foam Factory) लग गई। हादसे में दो महिला कर्मचारियों की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल लेकर गए। लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

आग इतनी भीषण थी कि दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। साथ ही फैक्ट्री की दीवारों पर दरारें आ गईं। फायर ब्रिगेड की 5 से 6 गाड़ियों ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री संचालक महेश लाल चंदानी से शुरुआती पूछताछ में आग (Fire In Foam Factory) लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। फोम फैक्ट्री में आग लगते ही लपटें तेजी से चारों तरफ फैल गईं। इस दौरान यहां काम कर रहे मजदूरों ने पहले तो बुझाने की कोशिश की, लेकिन फोम और इसे चिपकाने के केमिकल रखे होने के कारण आग भड़क गई।

हादसे में जाने गंवाने वाली दोनों महिलाएं सरोरा की रहने वाली थी। इनमें एक का नाम यमुना और दूसरी का रामेश्वरी है। ये महिलाएं फैक्ट्री में फोम में कवर लगाने और पैकिंग का काम करती थीं।

इस फैक्ट्री में आग बुझाने का कोई सिस्टम नहीं था। न ही यहां पर अग्निशमन यंत्र रखे हुए दिखे। इसके अलावा फैक्ट्री में आने और जाने के लिए एक ही रास्ता था। यहां आग लगते ही अंदर तेजी से धुआं भर गया। साथ ही सामने का शटर भी बंद था। जिससे महिला मजदूर भाग नहीं पाई और उनकी मौत हो गई।