Balrampur News : छत्तीसगढ़ व झारखंड की सीमा पर स्थित झारखंड के ओरसा घाट पर एक बस अनियंत्रित होकर (Bus Accident Orsa Ghat) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 50 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतक व घायल सभी बलरामपुर जिले के ग्राम पीपरसोत के निवासी हैं। वे सभी झारखंड के लोध में होने वाले सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बस में क्षमता से अधिक लगभग 80 से 90 यात्री सवार थे।
दुर्घटना (Bus Accident Orsa Ghat) छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के सामरी और झारखंड के महुआडांड़ को जोड़ने वाली सड़क पर रविवार शाम लगभग चार बजे हुई। बलरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरसोत और आसपास के गांवों के लोग ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल से सवार होकर सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के लोध जा रहे थे। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगभग सात किलोमीटर दूर ओरसाघाट के एक मोड़ पर तेज गति से चल रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे (Bus Accident Orsa Ghat) के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बलरामपुर जिले के सामरी थाना और लातेहार जिले के महुआडांड से पुलिस तथा प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तब तक एक महिला और चार पुरुष की मौत हो चुकी थी। 50 से अधिक लोग घायल थे। उन्हें एंबुलेंस तथा निजी वाहनों से झारखंड के महुआडांड़ तथा छत्तीसगढ़ के सामरी, कुसमी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को अंबिकापुर और रांची भी ले जाया जा रहा है।
दुर्घटना (Bus Accident Orsa Ghat) का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने संभावना जताई है कि बस तेज गति में थी और इसमें क्षमता से कहीं अधिक यात्री सवार थे। मोड़ पर चालक का नियंत्रण हट गया होगा और बस सीधे पलट कर एक पेड़ के सहारे रुक गई। मृतकों और घायलों की पहचान संबंधी जानकारी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी- कर्मचारी घायलों का उपचार करवाने में लगे हैं। इस घटना से पीपरसोत गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। बलरामपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा घायलों के स्वजन घटनास्थल और अस्पतालों में पहुंच रहे हैं।
Bus Accident Orsa Ghat बस दुर्घटना, 5 की मौत, 50 घायल
छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा के ओरसा घाट पर तेज गति से जा रही बस अनियंत्रित होकर पलटी। बस में 80-90 यात्री सवार थे, सभी सगाई कार्यक्रम में जा रहे थे। मृतकों व घायलों को सामरी, कुसमी व महुआडांड अस्पतालों में भर्ती कराया गया, कुछ को अंबिकापुर और रांची भेजा गया। पुलिस का अनुमान है कि अधिक सवारी व तेज गति के कारण मोड़ पर नियंत्रण खोना।
