जशपुर/रायपुर। आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत दो दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर जशपुर पहुंचे हैं। सोमवार को सबसे पहले उन्होंने बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। फिर जशपुर के रणजीता स्टेडियम के पास स्थापित स्व कुमार दिलीप सिंह की प्रतिमा का आज अनावरण किया गया। दिलीप सिंह जूदेव जशपुर राजपरिवार के प्रमुख रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की मशहूर सियासी हस्ती रहे। आदिवासी इलाके में हिंदुत्व जागरूकता के कामों की वजह से उन्हें जाना जाता है। वहीं आरएसएस प्रमुख जनजातीय गौरव दिवस समारोह में भी शामिल हुए। बता दें कि डॉ. मोहन भागवत झारखंड के रांची से सड़क मार्ग से होते हुए रविवार की शाम जशपुर पहुंचे थे। संघ प्रमुख रविवार की शाम वनवासी कल्याण आश्रम में संघ की शाखा में शामिल हुए। इसके बाद आश्रम में होने वाली शाम की आरती में शामिल होकर, संघ प्रमुख संघ के अधिकारियों ,पदाधिकारियों और स्वयंसेवियों से भेंट- मुलाकात की। वहीं आज जशपुर के वनवासी कल्याण आश्रम की ओर से जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया है। इसमें मोहन भागवत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मध्य देवी, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, प्रियंवदा सिंह जूदेव, हिना सिंह जूदेव, संयोजिता सिंह जूदेव, राजा रणविजय सिंह जूदेव, शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव, जशपुर राजपरिवार के समस्त सदस्य, पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, ओपी चौधरी, नारायण चंदेल, बृजमोहन अग्रवाल, अरुण साव, नंदकुमार साय, गोमती साय, विष्णुदेव साय, कृष्ण कुमार राय सहित व्हीआईपी जनप्रतिनिधि व भाजपा के कार्यकर्तागण मौजूद रहे।तीन साल पहले बन कर तैयार थी जूदेव की प्रतिमा : जूदेव का निधन 14 अगस्त 2013 को हुआ था। जिसके कुछ दिनों बाद जशपुर के रणजीता स्टेडियम में सभा का आयोजन किया गया था। इसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने जशपुर और कुनकुरी में जूदेव की आदमकद प्रतिमा लगाने की घोषणा की थी। कुनकुरी में आदमकद प्रतिमा सालों पहले बनकर तैयार हो गई, लेकिन जशपुर जिला मुख्यालय में सामने बन रही प्रतिमा को बनने और अनावरण में 9 नौ साल गुजर गए। लगभग 3 साल पहले प्रतिमा बनकर लगभग तैयार थी।कल अंबिकापुर दौरे पर रहेंगे भागवत : कल मंगलवार के दिन अंबिकापुर में मोहन भागवत के कार्यक्रम तय है। मोहन भागवत अंबिकापुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक के सरगुजा और कोरिया विभाग के संयुक्त पथ संचलन में शामिल होंगे संघ के सार्वजनिक कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवकों को संबोधित किया जाएगा। जशपुर के कार्यक्रम के बाद मोहन भागवत अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए। छत्तीसगढ़ मे अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। इस लिहाज से आरएसएस प्रमुख का दौरा बीजेपी के लिए बहुत अहम माना जा रहा है। ऐेेसे में आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम में बीजेपी के सारे दिग्गज नेता उपस्थिति भी दे रहे।